विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शादी के बाद कटा वोटर कार्ड तो तुरंत करें ये काम! बरेली में BLO अभियान के तहत 6 हजार लोगों ने भरा फार्म

Published: Sat, 17 Oct 2026 10:39 PM (IST)

बरेली में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और संशोधन के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसमें 3835 पोलिंग बूथों ...और पढ़ें

रामानुज दयाल सरस्वती इंटर कालेज पोलिंग बूथ में पार्षद राजेश अग्रवाल के पास वोट बनवाने पहुंचे लोग। जागरण

रामानुज दयाल सरस्वती इंटर कालेज पोलिंग बूथ में पार्षद राजेश अग्रवाल के पास वोट बनवाने पहुंचे लोग। जागरण

HighLights

  1. विशेष अभियान में पोलिंग बूथ पहुंचे लोगों ने वोटर कार्ड बनवाने को भरे फार्म

  2. कई लोगों ने नाम समेत अन्य डिटेल में संशोधन कराने के लिए ली जानकारी

जागरण संवाददाता, बरेली। शादी के बाद यहां का वोटर कार्ड बनवाया था। बीच में कुछ साल गोरखपुर स्थित मायके में रही। बीते दिनों एसआइआर के दौरान यहां का वोटर लिस्ट में से नाम कट गया, इसलिए अब नया मतदाता कार्ड बनवाना है। पूर्व माध्यमिक विद्यालय रहपुरा चौधरी स्थित पोलिंग बूथ पर मौजूद बूथ लेवल अफसर (बीएलओ) को रहपुरा चौधरी निवासी नाज खान ने यह बातें बताईं और नया वोटर कार्ड बनवाने को कहा।

बीएलओ ने एप पर उनका वोटर कार्ड नंबर देखा लेकिन वह नहीं मिला। इस पर उन्हें फार्म छह भरने को कहा। इसी तरह 3835 बूथों पर नए और संशोधन कराने वाले मतदाताओं के फार्म भरे गए।

आगामी विधानसभा निर्वाचन को देखते हुए विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 के बाद प्रथम बार/छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करने को शनिवार को जिले के सभी 3835 पोलिंग बूथों पर विशेष अभियान चलाया गया। रहपुरा चौधरी में तीन पोलिंग बूथ हैं।

पूर्व माध्यमिक विद्यालय रहपुरा चौधरी में वोट बनवाने को पहुंची युवतियां। जागरण

विशेष अभियान के दौरान यहां शाम तक 12 नए वोटर बनाने को फार्म भरे गए। रहपुरा निवासी 18 वर्षीय अमनता अपनी मां के साथ पहुंची। वोटर कार्ड क्यों बनवाना है, पूछने पर बोली, राष्ट्र का सबसे बड़ा अधिकार मताधिकार है। अब हम भी इस अधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।

उधर, सदर तहसील स्थित सेंटर पर नौ पोलिंग बूथ हैं, जहां बीएलओ सुबह से ही काम में जुट गए। सुपरवाइजर अनूप शर्मा ने बताया कि मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने के लिए लोग आए हैं। 12 लोगों ने फार्म छह लिया है। संशोधन कराने वाले फार्म आठ लेकर गए हैं।

रामपुर गार्डन स्थित रामानुज दयाल सरस्वती इंटर कालेज राहुल देवल नया वोटर कार्ड बनवाने पहुंचे। बोले, पिछला कार्ड किसी तरह रद हो गया, इसलिए नया बनाने आए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में भी नए मतदाता बनने के लिए युवाओं ने फार्म भरे।

पार्टी नेताओं की भी रही सक्रियता

नए वोट बनवाने के लिए बीएलओ के साथ ही राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ ही नेताओं ने भी कमान संभाली। रामपुर गार्डन स्थित रामानुज दयाल सरस्वती इंटर कालेज में सपा से पार्षद राजेश अग्रवाल डटे रहे।

तहसील स्थित पोलिंग बूथ पर मतदाता सूचियों को देखते बीएलओ। जागरण

उन्होंने अपने क्षेत्र के युवाओं को नाम जोड़ने में मदद की। इसी तरह साहू राम स्वरूप डिग्री कालेज स्थित बूथ पर पार्षद आरिफ कुरैशी ने भी नए मतदाताओं को फार्म छह भरवाया।

डीएम, एडीएम समेत अन्य अधिकारियों ने किया भ्रमण

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बरेली कैंट विधानसभा के अंतर्गत बरेली इंटर कालेज एवं मौलाना आजाद इंटर कालेज, बिथरी चैनपुर विधानसभा के अंतर्गत विद्या भारती विद्यालय, नकटिया और फरीदपुर विधानसभा के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालय रजऊ, विकास खण्ड फरीदपुर स्थित मतदेय स्थलों (पोलिंग बूथों) का निरीक्षण किया।

एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह ने फरीदपुर में किया पोलिंग बूथ का निरीक्षण।

उन्होंने मतदेय स्थलों पर उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक कर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित करने को प्रोत्साहित करें।

उन्होंने बताया कि इसके बाद 24 अक्टूबर को भी सभी पोलिंग बूथ पर नए नाम जोड़ने व संशोधन को विशेष अभियान चलाया जाएगा। बताया कि शनिवार को विशेष अभियान में छह हजार लोगों ने नाम जोड़ने के लिए फार्म छह भरे। एडीएम एफआर संतोष कुमार सिंह ने फरीदपुर तहसील के पोलिंग बूथों का निरीक्षण किया।

यह भी पढ़ें- बरेली में बसेगा नया शहर! 11 सेक्टरों में बनेगी 'सप्तनाथ ईको सिटी', 4,726 प्लॉट के साथ मिलेंगे नक्षत्रशाला और कैनाल फ्रंट