बरेली उपद्रव मामला: 3 माह बीतने के बाद भी पुलिस की पहुंच से दूर 3,370 आरोपी, आखिर क्या है वजह?
बरेली उपद्रव के तीन महीने बाद भी पुलिस 3,464 नामजद उपद्रवियों में से केवल 94 को ही गिरफ्तार कर पाई ...और पढ़ें

खलील हायर सेकंडरी स्कूल के पास मस्जिद के समाने हुआ था बवाल दंगाई को पकड़ कर ले जाती पुलिस। फाइल फोटो
HighLights
सभी मुकदमों में 129 उपद्रवियों को किया गया था नामजद, गिरफ्तार केवल 94
उपद्रव के बाद शहर के पांच थानों में 3464 उपद्रवियों पर लिखे थे 10 मुकदमे
जागरण संवाददाता, बरेली। पुलिस ने मौलाना पर शिकंजा तो बेहतर कसा, लेकिन बाद में ढील डाल दी। उपद्रव के शुरुआत में जितने आरोपित गिरफ्तार हो सके वह ही सलाखों के पीछे हैं। बाकी तीन हजार से अधिक उपद्रवी अभी भी ऐसे हैं जो खुले में बैखौफ घूम रहे हैं। तीन हजार से अधिक उपद्रवियों में से पुलिस केवल 94 उपद्रवियों को ही जेल भेज पाई है।
हालांकि, पुलिस का कहना हैं कि अभी भी लगातार उपद्रवियों के यहां दबिश दी जा रही है मगर वह हाथ नहीं आ रहे। कई उपद्रवी अभी ऐसे हैं जिनकी शिनाख्त होना बाकी है। तीन माह के भीतर जेल में बंद उपद्रवियों पर पुलिस चार्जशीट लगा चुकी है। अभी पार्ट चार्जशीट लगना बाकी है।
उपद्रव के बाद पुलिस ने कोतवाली में पांच मुकदमे लिखे थे। जिसमें पहला मुकदमा कोतवाली के तत्कालीन थाना प्रभारी अमित पांडेय की ओर से दर्ज कराया गया। जिसमें मौलाना समेत 25 उपद्रवियों को नामजद करते हुए 1700 को अज्ञात बनाया गया था।

दूसरा मुकदमा दारोगा कोमल कुंडू की तरफ से दर्ज कराया गया जिसमें दो लोगों को नामजद करते हुए 150 अज्ञात को नामजद किया गया। तीसरा मुकदमा बिहारीपुर चौकी इंचार्ज शिवम कुमार ने लिखाया जिसमें दो लोगों को नामजद करते हुए 150 को अज्ञात में आरोपित किया गया।
चौथा मुकदमा कुतुबखाना चौकी इंचार्ज राजीव शर्मा की तरफ से लिखा गया जिसमें 15 आरोपितों को नामजद करते हुए 450 आरोपितों को अज्ञात में आरोपित बनाया गया है। छठा मुकदमा बारादरी थाने में श्यामगंज चौकी इंचार्ज अखिलेश उपाध्याय की तरफ से लिखाया गया जिसमें 19 लोगों को नामजद करते हुए 150 को अज्ञात में आरोपित बनाया।
सातवां मुकदमा बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने लिखाया था जिसमें 28 उपद्रवियों को नामजद किया गया ओर 250 को अज्ञात में दर्ज किया गया है। इसी तरह से आठवां मुकदमा प्रेमनगर में दारोगा प्रमोद कुमार की तरफ से लिखाया गया जिसमें 24 उपद्रवियों को नामजद करते हुए 200 अज्ञात को आरोपित बनाया गया था।
इसके अलावा नौंवा मुकदमा कैंट थाने में दारोगा रोहित तोमर की तरफ से लिखाया गया जिसमें आठ उपद्रवियों को नामजद करते हुए 60 अज्ञात लोगों को नामजद किया गया और 10वां मुकदमा किला थाने में मलूकपुर चौकी इंचार्ज राहुल ने लिखाया। जिसमें तीन लोगों को नामजद करते हुए कुल 100 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया।
