बरेली का त्रिशूल तिराहा अब कहलाएगा 'त्रिलोकी चौक': दिखेगा मां पार्वती का रूप और भव्य कमल शिल्प; BDA का मास्टर प्लान
बरेली का त्रिशूल तिराहा अब 'त्रिलोकी चौक' के रूप में विकसित होगा, जिसमें भव्य कमल शिल्प और मां पार्वती की ...और पढ़ें

त्रिलोकी चौक पर विकसित होने वाले कमल शिल्प का प्रस्तावित डिजाइन। सौ. बीडीए
HighLights
त्रिकोणीय आइलैंड पर स्थापित होगा भव्य कमल शिल्प, फोकस वाल और फव्वारों से सजेगा चौक
पीलीभीत रोड के प्रस्तावित छह लेन विकास को भी नाथ कारिडोर थीम से जोड़ने की योजना
जागरण संवाददाता, बरेली। नाथनगरी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों से जोड़ने की दिशा में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने अब त्रिशूल तिराहा को भी भव्य-दिव्य स्वरूप देने की योजना बनाई है। परियोजना के तहत त्रिशूल तिराहा को ‘त्रिलोकी चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
तिराहे की विशिष्ट त्रिकोणीय संरचना को ध्यान में रखते हुए यहां के प्रमुख आइलैंड को आकर्षक लैंडस्केपिंग और आध्यात्मिक प्रतीकों के साथ विकसित कर त्रिलोकी चौक के रुप में नई पहचान दी जाएगी। त्रिशूल एयरफोर्स के पास होने के साथ ही इस क्षेत्र काे नाथ कारिडोर से जोड़ते हुए विकास थीम को शक्ति के स्वरूप से जोड़ा गया है।
चौक के त्रिकोणीय आइलैंड के केंद्र में महाशक्ति के प्रतीक के रूप में एक विशाल कमल शिल्प स्थापित करने की परिकल्पना है। कमल के चारों ओर रंग-बिरंगे पुष्प, हरियाली, सजावटी पौधे और अन्य प्रतीकात्मक तत्व इसे आकर्षक स्वरूप देंगे।

बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के अनुसार बरेली की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को उसके आधुनिक शहरी विकास के साथ जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। त्रिशूल तिराहा के विकास को नाथ कारिडोर की थीम से जोड़ते हुए मां शक्ति और मां पार्वती के स्वरूप से जोड़ने की पहल की जा रही है।
इसी मार्ग पर आगे बीडीए की ओर से विश्वनाथ द्वार का भी निर्माण कराया जा रहा है। इससे इस पूरे मार्ग पर धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान के अलग-अलग प्रतीकों को एक समग्र थीम में जोड़ने का अवसर मिलेगा। कहा कि, इस स्थान पर महाशक्ति के प्रतीक के रूप में कमल को केंद्र में रखा गया है।
इसके माध्यम से शक्ति, नारी शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश दिया जाएगा। लैंडस्केपिंग, फव्वारे, फोकस वाल और नाथ कारिडोर से जुड़े प्रतीकों के माध्यम से इसे एक आकर्षक और विशिष्ट सिटी लैंडमार्क के रूप में विकसित करने की योजना है।
इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुसार धार्मिक विरासत और पहचान को आधुनिक विकास के साथ जोड़ आगे बढ़ाया जाएगा। परियोजना के तहत चौक पर त्रिकोणीय आइलैंड के सामने सड़क के दूसरी ओर एक भव्य फोकस वाल विकसित की जाएगी।
इसमें मां पार्वती को शक्ति के स्वरूप में प्रस्तुत करते हुए नाथ परंपरा और भारतीय आध्यात्मिक विरासत से जुड़े स्थापत्य एवं कलात्मक तत्वों का समावेश किया जाएगा। फोकस वाल पर ‘बरेली विकास प्राधिकरण’ और ‘नाथ कारिडोर’ की ब्रांडिंग प्रमुखता से होगी।
इसके सामने फव्वारों का विकास किया जाएगा। आसपास हरित क्षेत्र और फूलों की क्यारियां पूरे परिसर को आकर्षक लैंडस्केप प्रदान करेंगी। इस प्रकार महाशक्ति का कमल और मां पार्वती की फोकस वाल मिलकर त्रिलोकी चौक की विशिष्ट पहचान बनाएंगे।
त्रिलोकी चौक पर महाशक्ति के प्रतीक कमल, मां पार्वती की दिव्यता, नाथ कारिडोर की विरासत और आधुनिक शहरी सौंदर्य को एक साथ प्रदर्शित किया जाएगा। परियोजना के विकास से नाथनगरी की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान की आभा हर किसी को मोहित करेगी।
- सौम्या पांडेय, उपाध्यक्ष, बीडीए
यह भी पढ़ें- स्वाइन फ्लू का अलर्ट! बरेली मंडल में 16 केस और मौत के बाद हड़कंप, याद आया 11 साल पुराना खौफनाक मंजर
