बरेली में ट्रैफिक पुलिस का नया प्लान लागू: 6 प्रमुख रूटों पर कम हुआ जाम, समय की भी बचत
बरेली यातायात पुलिस ने शहर के छह प्रमुख रूटों पर नया प्लान लागू किया है। इससे इन रूटों पर जाम ...और पढ़ें

एआई इमेज
HighLights
मालियों की पुलिया से 100 फुटा पूर्वी तक पहुंचने में अगस्त में लगते थे 31 मिनट
अब इस रूट पर कुछ हुआ सुधार, अभी लग रहा 27.43 मिनट, जाम की संख्या भी हुई कम
अनिल कुमार, बरेली। यातायात पुलिस ने शहरवासियों को जाम से राहत देने के लिए छह प्रमुख रूट चिह्नित किए गए हैं। इन रूट पर लोगों को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने में 20 से 30 मिनट तक का समय लगता था। इसकी वजह जगह-जगह जाम लगना था।
इन रूट पर जाम हटाकर यातायात का दबाव कम किया जा रहा है। इसकी वजह से कुछ हद तक सुधार भी हुआ है। जाम लगने की संख्या भी कम हुई और समय में भी सुधार हुआ है। इन स्थानों पर अभी ओर सुधार किया जाएगा।
मालियों की पुलिया से 100 फुटा पूर्वी, कोहाड़ापीर से मिनी बाइपास सहित छह रूट चिह्नित किए गए हैं। इन रूट की संख्या भी निर्धारित की गई है। इन रूट पर यातायात दबाव कम करने के लिए ट्रैफिक पुलिस कर्मी रूट मार्शल के तौर पर तैनात किए गए हैं।
इसके अलावा थानों की पुलिस की भी जिम्मेदारी तय की गई है। सर्किल अधिकारी भी इसकी मानीटरिंग कर रहे हैं। एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खां ने बताया कि सबसे पहले इन रूट पर सुबह और शाम के समय पीक आवर में ज्यादा ध्यान रखा जा रहा है।
सड़क किनारे खड़े होने वाले ठेले, आटो-टेंपों को हटाया जाता है। इसके अलावा सेटेलाइट बस अड्डे के पास रोडवेज बसों को भी हटाया जा रहा है। इसकी प्रमुख वजह है कि सुबह के समय अधिकांश लोग अपने दफ्तरों में जाते हैं।
इसके अलावा स्कूल और कालेज बच्चे जाते हैं। भविष्य में अन्य रूट को भी चिह्नित किया जाएगा। इसके अलावा सुबह-शाम के स्थान पर अन्य समय का भी ध्यान रखा जाएगा, जिस वक्त जाम लगता है।
चिह्नित रूट, पहुंचने का समय और जाम की संख्या
- रूट नंबर एक कोहाड़ापीर चौराहा से सिटी सब्जी मंडी तक पहुंचने में अगस्त में 18.10 मिनट लगते और 138 बार जाम लगा। अब अक्टूबर में 16.16 मिनट लगते हैं और अभी तक 18 बार जाम लगा।
- रूट नंबर दो मालियों की पुलिया से 100 फुटा पूर्वी तक पहुंचने में अगस्त में 31.03 मिनट लगते थे और 13 बार जाम लगा। अब अक्टूबर में 27.43 मिनट लगते हैं और अभी तक एक बार भी जाम हीं लगा।
- रूट तीन मथुरापुर तिराहा से सिटी सब्जी मंडी तक पहुंचने में 24.14 मिनट लगते थे और जाम 98 बार लगा। अब अक्टूबर में 20.39 मिनट लगते हैं और अभी तक जाम नौ बार लगा।
- रूट चार कोहाड़ापीर चौराहा से बैरियर टू तिराहा तक पहुंचने में अगस्त में 27.29 मिनट लगते थे और जाम 53 बार लगा। अब अक्टूबर में 24.30 मिनट लगते हैं और अभी तक जाम छह बार लगा।
- रूट पांच कोहाड़ापीर चौराहा से मिनी बाइपास तक पहुंचने में अगस्त में 27.13 मिनट लगते थे और जाम 10 बार लगा। अब अक्टूबर में 19.59 मिनट लगते हैं और अभी जाम एक बार भी नहीं लगा।
- रूट छह पटेल चौक से श्रीराम सबरी मंदिर तक अगस्त में 24.50 मिनट लगते थे और जाम 49 बार लगा। अब अक्टूबर में 21.32 मिनट लगते हैं और अभी तक जाम छह बार लगा।
यह भी पढ़ें- आम जनता पर सख्ती, सरकारी विभागों पर नर्मी? बरेली नगर निगम के 137 करोड़ दबाए बैठे हैं IVRI और बरेली कॉलेज
