बरेली में जाम से कराहा शहर: सेटेलाइट पर धंसा ट्रैक्टर-ट्राली का पहिया, वाहनों की लगी लंबी कतारें
बरेली के सेटेलाइट चौराहे पर मंगलवार सुबह एक ट्रैक्टर-ट्राली का पहिया सड़क में धंसने से भीषण जाम लग गया। करीब ...और पढ़ें

जाम में फंसे बरेली के सेटेलाइट चौराहे की ओर जाने वाले वाहन
HighLights
कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में लगे घंटों, हुई परेशानी
जागरण संवाददाता, बरेली। मंगलवार सुबह सेटेलाइट चौराहे की ओर जाने वाले हजारों वाहन चालकों को जाम के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। ड्यूटी और जरूरी काम से निकले लोगों को कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में भी काफी समय लग गया। सुबह करीब ढाई घंटे तक सेटेलाइट और आसपास के मार्गों पर वाहनों की रफ्तार थमी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बियावानी कोठी के पास ट्रैक्टर-ट्राली अलग हो गई। इसी दौरान उसका पहिया सड़क में धंस गया, जिससे यातायात बाधित हो गया। मौके पर हाइड्रा मशीन बुलाकर ट्रैक्टर-ट्राली को हटाया गया।
इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सुबह कार्यालय और अन्य प्रतिष्ठानों में पहुंचने का समय होने के कारण जाम बढ़ता चला गया।
खुर्रम गोटिया की ओर से जल्द सेटेलाइट पहुंचने की कोशिश में कई वाहन चालक गलत दिशा में निकलने लगे। इससे यातायात व्यवस्था और बिगड़ गई। दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही होने के कारण स्थिति संभालना मुश्किल हो गया।
शार्टकट ने बढ़ाई परेशानी
जाम से बचने के लिए कई वाहन चालकों ने राम वाटिका मार्ग का रुख किया, लेकिन सेटेलाइट की ओर जाने वाला मार्ग होने के कारण वहां भी वाहनों का दबाव बढ़ गया।
देखते ही देखते सेटेलाइट चारों तरफ से जाम की चपेट में आ गया। करीब ढाई घंटे तक लोग गर्मी और उमस के बीच वाहनों में फंसे रहे। बाद में ट्रैक्टर-ट्राली हटने और यातायात सामान्य होने के बाद वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ सके।
