Top Bareilly News of the Day, 22nd July 2019, चंद्रयान-2 में सेंसर, सावन का पहल सोमवार, गंगा में डूबकर दो की मौत, मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, रेल मदद से यात्रियों की मुसीबत होगी दूर
Top Bareilly News of the day 22nd July 2019. शाम छह बजे तक की बरेली की टॉप खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
बरेली, जेएनएन : बरेली मंडल की कई खबरों ने सोमवार को सुर्खियां बटोरीं। जिनमें चंद्रयान-2 में सेंसर, सावन का पहल सोमवार, गंगा में डूबकर दो की मौत, मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, रेल मदद से यात्रियों की मुसीबत होगी दूर आदि खबरें सर्वाधिक चर्चा में रहीं। जानिए बरेली की प्रमुख और चर्चित खबरें।
चंद्रयान-2 में आखं-नाक बनकर काम करेंगे सेंसर
चंद्रयान-2 में सेंसर प्रक्रिया अहम भूमिका में है। बदायूं निवासी सतपाल अरोरा उर्फ मिक्कू ने चंद्रयान-2 में ग्राउंड फंक्शन से लेकर फ्लाइट मोड तक में लगे सभी सेंसर के सुचारू और सटीक क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संभाली है। सेंसर ही चंद्रयान-2 को सुरक्षित और संवेदनशील बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे। लैंडर पर लगे रडार और कैमरा की मदद से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लैडिंग की जगह पूरी तरह सुरक्षित हो।
नाथ नगरी में सावन के पहले सोमवार पर गूंजा बम-बम भोले
श्रावण मास के पहले सोमवार को पूरा शहर शिवभक्ति में लीन हो गया। सड़कों से लेकर शिवालयों तक सिर्फ बम-बम भोले की गूंज रही। प्रमुख नाथ मंदिरों में शिवालय के पट तड़के ही भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए गए। शिवालयों में भक्तों की कतारे लगी रहीं। भोलेनाथ के जलाभिषेक को कांवड़ियों के जत्थों में होड़ रही। इसके साथ ही बाबा का भव्य श्रृंगार और महाआरती भी की गई।
अटैना घाट पर गंगा में डूबने से दो युवकों ने तोड़ा दम
बदायूं में उसहैत थाना क्षेत्र में अटैना गंगाघाट पर सोमवार सुबह कांवड़िए जल लेकर रवाना हो रहे थे। वहां उसावां थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव का देवेंद्र (23) पुत्र दयाराम और एटा के चतुर्भुज अलीगंज निवासी विपिन (22) पुत्र राजाराम घाट से करीब सात सौ मीटर दूर स्नान करने के लगे। इस बीच दोनों गहरे पानी में जाकर डूबने लगे। लोगों के शोर मचाने पर गोताखोर पहुंच गए। आधा घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
पेट्रोल पंप मैनेजर को लूटने वाले तीन बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
बदायूं में पेट्रोल पंप मैनेजर से हुई साढ़े 13 लाख रुपये की लूट का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया है। रविवार रात सिविल लाइंस थाने के कुरऊ के जंगल में मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाश पकड़े गए हैं। एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ है, वहीं दारोगा को भी चोट लगी है। आरोपितों के पास से लूट के 12.60 लाख रुपये भी बरामद हुए हैं। फिलहाल पकड़े गए दो आरोपितों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
रेल मदद से रेल यात्रियो की दूर होगी मुसीबत
रेलवे में भी तमाम हेज्पलाइन नंबरों की लंबी लिस्ट है। कई बार इनके जाल में ही उलझकर मुसाफिर सही हेल्पलाइन नंबर खोजने में परेशान हो जाता है। अब 'रेल मदद' यात्रियों को सुविधा मुहैया कराएगा। 'रेल मदद' एक तरह की वेबसाइट होगी। 'रेल मदद' एप में रेलवे से जुड़ी हर तरह की शिकायत एक ही जगह दर्ज कराई जा सकती हैं। इसका मोबाइल एप भी जल्द लॉन्च किया जाएगा। फिलहाल 'रेल मदद' का ट्रायल चल रहा है।