बरेली में डिलीवरी कर लौट रहे युवकों पर लाठी-डंडों से हमला, एक की मौत; 6 महीने पुरानी रंजिश में वारदात
बरेली के सुभाषनगर में पुरानी रंजिश के चलते स्कूटी से घर लौट रहे दो दोस्तों पर लाठी-डंडों से हमला किया ...और पढ़ें
HighLights
भोजन डिलीवरी कर घर लौट रहे थे दो दोस्त, दूसरा घायल
जागरण संवाददाता, बरेली। सुभाषनगर क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवकों ने स्कूटी से घर लौट रहे दो दोस्तों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरा घायल हो गया।
पुलिस ने मामले में 11 नामजद समेत 12 पर प्राथमिकी दर्ज कर एक आरोपित को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है। भाई ने 50 हजार नकद और चेन लूटने का भी आरोप लगाया है।
शांति विहार निवासी मोनू स्वैगी में डिलीवरी का काम करते हैं। वह बुधवार देर रात करीब दो बजे अपने साथी संजय सक्सेना के साथ ड्यूटी समाप्त कर स्कूटी से घर लौट रहे थे।

रास्ते में होली चौराहे के पास आशीष गुर्जर, विकास श्रीवास्तव, धीरेंद्र समेत अन्य युवकों ने दोनों को घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां संजय को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच करीब छह माह पहले भी मारपीट हुई थी। तभी से उनके बीच रंजिश चल रही थी। संजय नोएडा में काम करते थे और दो दिन पहले ही घर आए थे।
मृतक की बहन की तहरीर पर पुलिस ने 11 नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। मामले में विकास श्रीवास्तव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
