बरेली स्टेडियम रोड के पास अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाने की तैयारी, कब्जेदारों को 15 दिन का अल्टीमेटम
बरेली नगर निगम ने स्टेडियम रोड पर सीएम ग्रिड परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने की योजना बनाई है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
स्टेडियम रोड पर सीएम ग्रिड परियोजना के लिए अतिक्रमण हटेगा।
नगर निगम ने कब्जेदारों को 15 दिन का नोटिस जारी किया।
अक्टूबर के पहले सप्ताह से अतिक्रमण हटाने का अभियान चलेगा।
जागरण संवाददाता, बरेली। शहर के स्टेडियम रोड पर सीएम ग्रिड परियोजना के तहत सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रहे अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम ने अक्टूबर से बड़ी कार्रवाई की योजना बनाई है। इसके लिए निगम ने सभी कब्जेदारों को नोटिस जारी कर 15 दिन में स्वयं से अतिक्रमण हटाने को कहा है।
कहा जा रहा है कि कब्जेदारों द्वारा स्वयं से अतिक्रमण नहीं हटाने की स्थिति में निगम की ओर से अक्टूबर के पहले सप्ताह से कब्जे हटाने का अभियान शुरु किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि श्यामगंज पुल से महर्षि कश्यप चौक तक निगम की ओर से सड़क चौड़ीकरण के साथ जलनिकासी व्यवस्था और विद्युतीकरण किया जाना है। इसके लिए सीएम ग्रिड परियोजना फेज-तीन के तहत 31 करोड़ की स्वीकृति दी है।
परियोजना के पहले चरण में मॉडल टाउन की पांच सड़कों का कार्य किया जा रहा है, जिसे पूर्ण करने के लिए अक्टूबर का समय तय किया गया है। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि शासन की प्राथमिकता में शामिल परियोजना के निर्माण में बाधा बन रहे अतिक्रमण को चिह्रित कर नोटिस जारी किया गया है, जल्दी ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
