मुरादाबाद में 3 स्टेशनों पर 32 करोड़ से बढ़ेंगी सुविधाएं, फाटक की जगह बनेगा अंडरपास
मुरादाबाद मंडल के तीन रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के संचालन क्षमता और यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिए 32.01 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मुरादाबाद के तीन स्टेशनों पर 32.01 करोड़ का टेंडर जारी।
लंबी मालगाड़ियों के लिए अतिरिक्त लाइनें और ऊंचे प्लेटफॉर्म बनेंगे।
अगवानपुर में रेलवे फाटक की जगह अंडरपास का निर्माण होगा।
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। मुरादाबाद मंडल के दलालनगर, चोडियाला और अगवानपुर रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के संचालन की क्षमता बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। रेलवे ने तीनों स्टेशनों पर अलग-अलग कार्य कराने के लिए 32.01 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है।
टेंडर डालने की अंतिम तारीख आठ अक्टूबर निर्धारित की गई है। कार्य पूरा होने के बाद लंबी मालगाड़ियों को स्टेशन पर खड़ा करने, दूसरी ट्रेनों को आगे निकालने और यात्रियों की सुविधाओं में सुधार में मदद मिलेगी।
तीनों स्टेशनों पर मुख्य रेललाइन के दोनों ओर अतिरिक्त लाइनें विकसित की जाएंगी। इन लाइनों की लंबाई इतनी रखी जाएगी कि लंबी मालगाड़ी को पूरी तरह खड़ा किया जा सके। इससे मालगाड़ियों को मुख्य रेललाइन पर रोकने की आवश्यकता कम होगी और दूसरी ट्रेनों के संचालन के लिए मुख्य लाइन खाली रखी जा सकेगी।
स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए नए और ऊंचे प्लेटफॉर्म भी बनाए जाएंगे। इससे यात्रियों को ट्रेनों में चढ़ने और उतरने में सहूलियत मिलेगी। रेलवे फाटकों से संबंधित समस्याओं को दूर करने के लिए भी निर्माण कार्य कराया जाएगा। सिग्नल व्यवस्था को बेहतर करने के साथ रेलवे के संचार तंत्र से जुड़े भवन भी बनाए जाएंगे।
अगवानपुर में फाटक की जगह बनेगा अंडरपास
अगवानपुर स्टेशन पर प्रस्तावित कार्य स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। यहां रेलवे फाटक के स्थान पर अंडरपास बनाने की योजना है। अंडरपास तक पहुंचने के लिए सड़क भी बनाई जाएगी। इससे ट्रेन आने के दौरान फाटक बंद होने पर सड़क पर वाहनों की कतार लगने की समस्या कम होगी। लोगों को रेलवे लाइन के नीचे से आवागमन का सुरक्षित रास्ता भी मिल सकेगा।
परियोजना में रेलवे लाइन के नीचे बने छोटे पुलों को बड़ा करने और आवश्यकता के अनुसार अन्य निर्माण कार्य भी शामिल किए गए हैं। इससे बारिश के पानी की निकासी और रेलवे लाइन के नीचे से आवागमन की व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि तीनों स्टेशनों पर प्रस्तावित कार्यों का उद्देश्य ट्रेनों के संचालन को सुगम बनाना है। इसके साथ ही यात्रियों और आसपास के लोगों को होने वाली दिक्कतों को भी कम किया जा सकेगा।
