विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में खत्म होगा 500 टन कूड़े का पहाड़, इसी माह से संचालित होगा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट

Published: Sun, 20 Sep 2026 03:55 PM (IST)

बरेली में सथरापुर स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का संचालन इसी माह शुरू हो जाएगा, जिससे शहर से निकलने वाले 500 टन कूड़े का निस्तारण संभव होगा।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. सथरापुर प्लांट से हर दिन 500 टन कूड़े का निस्तारण होगा।

  2. नगर आयुक्त ने प्लांट का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं परखीं, निर्देश दिए।

  3. बाकरगंज के कूड़े के ढेर खत्म होंगे, शहर को मिलेगी राहत।

जागरण संवाददाता, बरेली। शहर से हर दिन निकलते 500 टन कूड़े के निस्तारण के लिए सथरापुर में स्थापित सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के संचालन की कवायद तेज हो गई है। शनिवार को नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने पर्यावरण अभियंता व कार्यदायी संस्था के अभियंताओं संग प्लांट स्थल का निरीक्षण कर मशीनों के संचालन, कचरा पहुंचने और उसके प्रसंस्करण से जुड़ी व्यवस्थाएं परखीं।

प्लांट में दो सेट में स्थापित मशीन के निर्बाध रूप से संचालन के लिए मानकों के अनुरूप जनरेटर लगाने के निर्देश दिए। बिजली जाने की स्थिति में कचरा प्रसंस्करण बंद न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

प्लांट के टिपिंग एरिया से वर्षा के दौरान निकलने वाले गंदा पाने इधर-उधर न फैले इसके लिए पूरा क्षेत्र कवर करने को कहा। सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ इन-हाउस लैब स्थापित कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान लीचेट ट्रीटमेंट प्लांट को लेकर कार्यदायी संस्था मेसर्स पाथ्या के प्रतिनिधि आदित्य कुमार ने बताया कि लीचेट ट्रीटमेंट प्लांट तैयार हो चुका है। इसे तीन दिन के अंदर दिल्ली से सुथारपुर प्लांट परिसर में लाया जाएगा। इसके बाद उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम निरीक्षण करेगी।

बोर्ड की स्वीकृति के बाद कंसेंट टू ऑपरेट जारी कराने की प्रक्रिया शुरू होगी। परिसर में हरित क्षेत्र विकसित करने के साथ पर्यावरणीय प्रभाव के लिए प्लांट परिसर के चारों ओर पौधारोपण कराने के निर्देश भी दिए।

नगर आयुक्त ने बताया कि प्लांट में सभी मशीनें लगभग इंस्टाल कर ली गई हैं। सप्ताहभर में ट्रायल प्रक्रिया पूर्ण कर इसी माह संचालन कर दिया जाएगा। सथरापुर प्लांट के संचालन से बाकरगंज में लगे कूड़े के ढेर को खत्म किया जा सकेगा। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त शशि भूषण राय, प्रभारी अधिकारी (एसडब्ल्यूएम) राजीव कुमार राठी व कार्यदायी संस्था के अभियंता रहे।

यह भी पढ़ें- बरेली में 10.5 करोड़ की लागत से स्पोर्ट्स स्टेडियम का होगा कायाकल्प, खिलाड़ियों को मिलेगी नई सुविधाएं