विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में 10.5 करोड़ की लागत से स्पोर्ट्स स्टेडियम का होगा कायाकल्प, खिलाड़ियों को मिलेगी नई सुविधाएं

Published: Sun, 20 Sep 2026 03:44 PM (IST)

बरेली के जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम का 10.5 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है।

10.5 करोड़ रुपये से होगा जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम का कायाकल्प।

10.5 करोड़ रुपये से होगा जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम का कायाकल्प।

HighLights

  1. जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम का 10.5 करोड़ रुपये से होगा जीर्णोद्धार।

  2. बास्केटबॉल कोर्ट, क्रिकेट मैदान और बहुद्देश्यीय हॉल सुधारे जाएंगे।

  3. खिलाड़ियों को मिलेगा सुरक्षित और बेहतर अभ्यास का माहौल।

मनीस पांडेय, बरेली। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम के बदहाली दूर करने के लिए धनराशि स्वीकृति हो गई है। अब शीघ्र ही स्टेडियम का कायाकल्प होगा। स्टेडियम में बास्केटबाल कोर्ट की टूट-फूट को सही कर चमकाया जाएगा। वहीं क्रिकेट मैदान में मिट्टी डालकर फील्ड को एकरूपता दी जाएगी। इसी के साथ बदहाल बहुद्देश्यीय हाल को ठीक किया जाएगा। इस तरह कुल 10.5 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार कराया जाएगा।

इसके लिए नक्शा तैयार कराने और भवन की खामियों को चिह्नित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। हाल में बैडमिंटन, जूडो, कुश्ती, तलवारबाजी, सेपकटाकरा, ताइक्वांडो, टेनिस और भारोत्तोलन जैसी इनडोर स्पर्धाओं का अभ्यास होता है। इसी के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन भी इसी जगह पर होता है।

स्टेडियम में रखरखाव के अभाव में भवन की स्थिति लगातार खराब हुई है। हाल के मुख्य भवन के ऊपरी हिस्से में लगे कांच के पैनल टूटने से बारिश का पानी अभ्यास स्थल में प्रवेश कर रहा है। धूप भी सीधे अंदर आने से बैडमिंटन खिलाड़ियों को परेशानी होती है। टूटे शीशों से आने वाली हवा शटल की गति को प्रभावित करती है।

हाल के कई हिस्सों का फर्श धंस गया है। इससे खिलाड़ियों के फिसलने और चोटिल होने की आशंका बनी रहती है। जिम्नास्टिक और बैडमिंटन कक्ष में बिछे मैट और सुरक्षा पैड भी घिस चुके हैं। प्रकाश व्यवस्था बाधित होने से शाम के समय अभ्यास करना कठिन हो जाता है।

जिला क्रीड़ा अधिकारी शीला भट्टाचार्य ने बताया कि मरम्मत के लिए नक्शा तैयार कराने का काम शुरू हो गया है। आवश्यक सुधार कार्यों को चिह्नित किया जा रहा है। खेल प्रोत्साहन समिति की बैठक में भी इस विषय को उठाया गया था। प्रारंभिक तौर पर मरम्मत कार्यों के लिए बजट स्वीकृत हुआ है।

खिलाड़ियों का कहना है कि सुरक्षित खेल परिसर मिलने से अभ्यास में सुविधा होगी। खिलाड़ी अमित ने बताया कि खराब खेल स्थल पर उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी करना मुश्किल होता है। खिलाड़ियों ने जल्द सुधार कराने की मांग की है।