बरेली-सीतापुर फोरलेन निर्माण का टेंडर खुला, दिवाली बाद शुरू होगा काम Bareilly News
डेढ़ साल से बंद बरेली-सीतापुर फोरलेन निर्माण का अधूरा काम पूरा करने की तैयारी शुरू हो गई। बुधवार को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआइ) मुख्यालय में टेंडर खोला गया।
जेएनएन, बरेली : डेढ़ साल से बंद बरेली-सीतापुर फोरलेन निर्माण का अधूरा काम पूरा करने की तैयारी शुरू हो गई। बुधवार को नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआइ) मुख्यालय में टेंडर खोला गया। राज्य सेतु निगम समेत चार कंपनियों ने निविदा डाली थी। टेक्नीकल बिड में तीन कंपनियों ने क्वालीफाई कर लिया। दिवाली के बाद अधूरे फोरलेन का निर्माण शुरू हो जाएगा।
बरेली से सीतापुर तक करीब 157 किलोमीटर मार्ग फोरलेन किए जाने का काम इरा कंपनी को दिया गया था मगर, वह फरार हो गई थी। जिस कारण करीब डेढ़ साल से काम अधूरा पड़ा है। जिसे पूरा करने के लिए बीते दिनों एनएचएआइ ने 767 करोड़ रुपये का ऑनलाइन टेंडर निकाला।
जागरण ने उठाया मामला, सक्रिय हुआ पीएमओ
अधूरे फोरलेन पर लगातार हादसे हुए तो दैनिक जागरण ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। जिसे प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने भी संज्ञान लिया और एनएचएआइ के अफसरों को सख्त निर्देश दिए। एनएचएआइ चेयरमैन नागेंद्र नाथ सिन्हा ने हर हाल में बुधवार को टेंडर खोलने के निर्देश दिए थे। बुधवार को दिल्ली मुख्यालय में फोरलेन निर्माण के टेंडर खोल दिए गए। सबसे पहले टेक्नीकल बिड खोली गई, जिसमें चार कंपनियों की डाली निविदाएं जांची गई। उप्र. राज्य सेतु निगम, जीआर इंफ्रा समेत एक अन्य कंपनी की टेक्नीकल बिड सही पाई गई। अब शुक्रवार को फाइनेंसियल बिड खोली जाएगी, जिसके बाद कार्यदायी संस्था तय होगी।
टेंडर की टेक्नीकल बिड खोली गई है। शुक्रवार को फाइनेंशियल बिड भी खोलकर कार्यदायी संस्था तय हो जाएगी। उसे 15 अक्टूबर तक वर्कआर्डर जारी कर दिया जाएगा। अगले माह कार्य शुरू होगा। -एनपी सिंह, परियोजना निदेशक, एनएचएआइ