विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली हाईवे पर 'यमराज' बनकर खड़ा रहा टैंकर: पुलिस और NHAI की लापरवाही के चलते गई 5 की जान

Published: Mon, 06 Apr 2026 07:45 AM (IST)

बरेली-लखनऊ हाईवे पर पुलिस और एनएचएआई की लापरवाही से पांच लोगों की जान चली गई। शनिवार रात बस से टक्कर ...और पढ़ें

हादसे के बाद मौके पर पड़ा मलबा

हादसे के बाद मौके पर पड़ा मलबा

HighLights

  1. शनिवार रात टैंकर से टकराई थी बस, पुलिस ने क्रेन मंगाकर हटवा दी थी बस

  2. एनएचएआइ ने भी दिन भर नहीं ली सुध, सड़क किनारे से नहीं हटाया गया टैंकर

जागरण संवाददाता, बरेली। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर पुलिस और एनएचएआइ की जरा सी लापरवाही के कारण पांच लोगों की जान चली गई। पुलिस और एनएचएआइ ने दिन भर सड़क किनारे खडे़ टैंकर की सुध नहीं ली। शनिवार रात टैंकर और बस की भिड़ंत के बाद पुलिस ने सिर्फ बस को वहां से हटवाया। दिन भर में क्रेन मंगवाकर यदि टैंकर को भी वहां से हटवा दिया होता तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता।

अब हर बार की तरह हादसे के बाद अधिकारी जांच कर कार्रवाई का ही आश्वासन दे रहे हैं। बड़ा बाइपास पर परधौली गांव के पास शनिवार देर रात रामपुर की ओर जा रहे शीरा भरे टैंकर में पीछे से रोडवेज बस ने टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने के बाद टैंकर का टैंक फट गया था और शीरा सड़क पर बह गया।

74558844

हादसे के बाद जाम लग गया। थाना सीबीगंज के एसएसआइ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआइए) को भी सूचना दी। इसके बाद एक क्रेन मंगाकर रोडवेज बस को तो वहां से हटवा दिया गया लेकिन टैंकर का एक्सेल जाम होने से उसे नहीं हटाया जा सका।

74558862

इस पर टैंकर को हाईवे किनारे सफेद पट्टी के किनारे खड़ा करा दिया गया। वहीं शीरा सड़क पर फैलने से तीन-चार बाइक सवार सड़क पर फिसल गए तो पुलिस ने फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया और पानी डालकर शीरे को धुलवाया। इस काम में करीब पांच घंटे लग गए। इसके बाद पुलिस और एनएचएआइ के जिम्मेदार निश्चिंत हो गए।

74558855

रात के हादसे के लगभग 16 घंटे के बाद भी न तो पुलिस और न ही एनएचआइ ने क्रेन मंगवाकर टैंकर हटवाया। जब रविवार को टैंकर में बोलेरो और बाइक टकराने से पांच लोगों की जान चली गई तो अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने दो क्रेन मंगवाईं। इसके बाद कैंटर को हटवा दिया गया।

74558886

पहले हादसे के बाद ही वहां से टैंकर हटवा दिया होता तो शायद हादसे में पांच लोगों को अपनी जान न गंवानी पड़ती। पुलिस का कहना है कि रात के हादसे के बाद रोडवेज बस को हटवा दिया था लेकिन टैंकर का एक्सेल जाम होने की वजह से उसे नहीं हटाया जा सकता था। एक क्रेन भी मंगाई गई थी। दिन में हुए हादसे के बाद टैंकर को दो क्रेन मंगाकर बड़ी मुश्किल से हटाया गया।

ओवरस्पीड और रांग साइड ओवरटैक ने ली जान

बड़ा बाइपास पर हादसे की मुख्य वजह बोलेरो की ओवर स्पीड और गलत दिशा में ओवरटेक करना रहा। बोलेरो का स्पीडोमीटर भी बता रहा है कि बोलेरो की गति काफी तेज रही होगी, क्योंकि स्पीडोमीटर 110 किमी प्रति घंटा पर था। यही वजह रही कि बोलेरो काफी तेज गति से टैंकर में टकराई और उसके परखच्चे उड़ गए।

74558865

बोलेरो का आगे का आधा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। उसकी छत भी उड़ गई। उसमें फंसे लोगों को बोलेरो को काटकर निकाला गया लेकिन तीन लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। वहीं बाइक सवार भी बोलेरो की स्पीड की वजह से उसकी चपेट में आ गए और उनकी भी जान चली गई।

पुलिस के मुताबिक मौके पर मिले एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बोलेरो तेज स्पीड में थी और गलत दिशा में किसी वाहन को ओवर टेक किया। इसकी वजह से अचानक सामने खड़ा टैंकर आ गया। चालक ने तेजी से ब्रेक लगाए लेकिन तब तक बोलेरो टैंकर में जाकर टकरा गई।

74558869

बोलेरो का एक पहिया हाईवे के नीचे कच्चे रास्ते में भी गया और करीब 50 मीटर तक टायरों के घिसने के निशान भी मिले हैं। पुलिस ने जब बोलेरो का स्पीडोमीटर देखा तो उसमें सुई 110 किमी प्रति घंटा पर रुकी हुई थी। ऐसे में अनुमान लगाया जा रहा है कि बोलेरो की स्पीड 110 किलोमीटर प्रतिघंटा से भी अधिक रही होगी।

बाइक सवार बोलेरो में पीछे से टकराए हैं। क्या वह साइड में चल रहे थे और अचानक ओवरटेक करने की वजह से बोलेरो उनके आगे आ गई। पुलिस हादसे की गंभीरता से जांच कर रही है।

 

हादसे की वजह से ओवरस्पीडिंग, ओवर टेक और चालक की लापरवाही सामने आई है। थाना पुलिस ने रात में टैंकर हटाने का प्रयास किया था लेकिन रात के हादसे की जानकारी अधिकारियों को नहीं दी गई थी। हादसे की जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

- मोहम्मद अकमल खां, एसपी ट्रैफिक


यह भी पढ़ें- बरेली में बड़ा बाइपास पर भीषण सड़क हादसा: खड़े टैंकर से टकराई बोलेरो-बाइक, पांच की मौत