बरेली में सज रही अवध की रामलीला: 64 सालों से आ रहे कलाकार, गांव-गांव जगा रहे आस्था की लौ
Ramleela: बरेली में अवध के रामलीला कलाकार 64 वर्षों से अपनी परंपरा को जीवंत रखे हुए हैं। वे गांव-गांव जाकर ...और पढ़ें

राम के किरदार में निगम यादव और रावण की भूमिका में रमेश शर्मा सौजन्य कमेटी
HighLights
ग्रामीण क्षेत्रों में दिन ढलते ही सजने लगता रामलीला का मंच
गांव-गांव पहुंचकर आस्था व अभिनय की लौ जलाते कलाकार
शिवपूजन, बरेली। शाम ढलते ही कैंट-जंक्शन मार्ग स्थित शिविर में चहल-पहल बढ़ जाती है। कोई कलाकार मुकुट संभालता है तो कोई धनुष पर प्रत्यंचा चढ़ाता है। कुछ कलाकार दर्पण के सामने खड़े होकर अपने संवाद दोहराते हैं। यही कलाकार मंच पर पहुंचते हैं तो उनके वास्तविक नाम पीछे छूट जाते हैं।
कोई भगवान राम, लक्ष्मण और सीता बन जाता है तो कोई कैकेई और रावण का किरदार निभाता है। इन दिनों भमौरा में रामलीला का आयोजन किया जा रहा है।
नाथ नगरी में रामलीला की इसी परंपरा को जीवंत रखने के लिए अवध व तराई के रामलीला कलाकार दशकों से यहां आते रहे हैं। सरयू तीरे बसी अयोध्या के दरबार के त्रेतायुग का सचित्र बखान करने वाले अवध दरबारी (लखनऊ मंडल के रामलीला कलाकार) इन दिनों कैट-स्टेशन मार्ग पर शिविर लगाकर ठहरे हुए हैं।
इन कलाकारों का कोई स्थायी मंच नहीं है। गांव ही उनका रंगमंच और ग्रामीण ही उनके दर्शक हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के दिन शाम होते ही कलाकार तैयारियों में जुट जाते हैं। यह शिविर प्रतिवर्ष जन्माष्टमी के दौरान लगना शुरू हो जाते हैं।
जिले में कलाकार दशहरा तक रुकते हैं और रावण का वध करके फिर अपने घरों के लिए प्रस्थान कर जाते हैं। शिविर में श्री दुर्गा विजय आदर्श रामलीला अयोध्या धाम पार्टी के कलाकार ठहरे हुए हैं।
ये रंगमंचकर्मी 28 सितंबर से आठ अक्टूबर तक बहेड़ी के मवई जरेल में रामलीला का मंचन करेंगे। सीतापुर निवासी मंडल संचालक मोनू मिश्रा ने बताया कि नारद मोह विश्व मोहिनी स्वयंवर से लीला की शुरुआत करेंगे, जो रावण वध तक चलेगी।
उन्होंने बताया कि उनके पूर्वज 1960 से बरेली में रामलीला का मंचन करते आ रहे हैं। यहां के लोगों का प्यार और इस नगरी की न्यारी छटा उनके रंगमंच को खूब प्यार देती है। इसी कारण दशकों से उनकी पार्टी के कलाकार यहां खिंचे चले आते हैं।
22 कलाकार, अलग-अलग किरदार
पार्टी में 22 कलाकार हैं। लखनऊ निवासी निगम यादव भगवान राम व अंगद का किरदार निभाते हैं। मधुबनी बिहार के संतजी हनुमान, लखीमपुर खीरी के कमलेश शर्मा कैकेई, सीतापुर के श्यामू शर्मा रावण, लखीमपुर खीरी के कमल किशोर शर्मा भरत और सुनील शत्रुघ्न का अभिनय करते हैं।
आगे भी रामलीला के कार्यक्रम
श्री दुर्गा विजय आदर्श लीला अयोध्या धाम पार्टी में लखनऊ मंडल समेत तराई क्षेत्र के कलाकार भी शामिल हैं। इनके मुख्य महांत अयोध्या में रहते हैं। पार्टी के कलाकार 24 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक मनौना धाम में रामलीला का मंचन करेंगे। दशहरा के बाद बदायूं के जगत ब्लाक में भी इनका कार्यक्रम प्रस्तावित है।
