बरेली में दशहरा पर रबड़ी खाने से चार दोस्तों का परिवार बीमार, खाद्य विभाग ने जांच को भेजे सैंपल
बरेली के डीडीपुरम स्थित दीपक स्वीट्स से खरीदी गई रबड़ी खाने के बाद चार दोस्तों के परिवार के सदस्य बीमार पड़ गए।

रबड़ी खाने से चार दोस्तों का परिवार बीमार।
HighLights
दीपक स्वीट्स की रबड़ी खाकर चार परिवारों के सदस्य बीमार।
पेट दर्द, उल्टी जैसी शिकायतें, जिला अस्पताल में उपचार।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने रबड़ी का नमूना जांच को भेजा।
जागरण संवाददाता, बरेली। त्योहारों के मौसम में मिठाइयों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। डीडीपुरम स्थित दीपक स्वीट्स से खरीदी गई रबड़ी खाने के बाद चार दोस्तों के परिवार के सदस्यों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है।
शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रबड़ी का नमूना लिया। इसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। हालांकि, रबड़ी की गुणवत्ता खराब होने या उससे तबीयत बिगड़ने की अभी पुष्टि नहीं हुई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
प्रेमनगर निवासी राजकुमार के मुताबिक, उन्होंने सोमवार रात करीब सात बजे अपने तीन अन्य मित्रों के साथ डीडीपुरम स्थित दीपक स्वीट्स से दो किलो रबड़ी खरीदी थी।
इसके लिए उन्होंने 1,160 रुपये का भुगतान किया। आरोप है कि रबड़ी खाने के बाद परिवार के सदस्यों और उनके मित्रों की तबीयत खराब होने लगी। सभी को पेट दर्द, उल्टी और जकड़न जैसी परेशानी होने लगी। इसके बाद मंगलवार सुबह सभी जिला अस्पताल की इमरजेंसी में उपचार कराने पहुंचे।
वापस की गई रबड़ी को लेकर भी उठाए सवाल
राजकुमार ने रबड़ी की गुणवत्ता पर संदेह जताते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग से शिकायत की। उनका आरोप है कि जब रबड़ी वापस की गई तो दुकानदार ने उसे दोबारा अपने स्टाल पर रखकर प्रदर्शित कर दिया। शिकायतकर्ता ने इस पर आपत्ति जताई। हालांकि, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही रबड़ी को स्टाल से हटा दिया गया था।
यह भी पढ़ें- नवरात्र के व्रत में कुट्टू के आटे का पराठा खाते ही मची अफरातफरी, एक ही परिवार के पांच सदस्य बीमार
जांच रिपोर्ट पर टिकी नजरें
शिकायत मिलने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी जितेंद्र कुमार की टीम ने दुकान पर पहुंचकर रबड़ी का नमूना लिया और उसे जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। अब रिपोर्ट से ही पता चलेगा कि रबड़ी निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरती है या नहीं। फिलहाल, दुकानदार पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
