बरेली में 87 करोड़ रुपए से चकाचक होंगी 33 सड़कें, जल्द शुरू होगा निर्माण
बरेली में लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड 87 करोड़ रुपये की लागत से 33 क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू करेगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
बरेली में 87 करोड़ रुपये से 33 सड़कों का निर्माण।
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने निविदा प्रक्रिया शुरू की।
दो से सात महीने में कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, बरेली। बरसात में शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक की सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड ने जिले में 87 करोड़ रुपये की लागत से क्षतिग्रस्त 33 सड़कों की मरम्मत और निर्माण के लिए ठेका आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
दो से सात महीने के भीतर सड़कों का निर्माण और मरम्मत कार्य पूर्ण कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। दावा किया जा रहा है कि टेंडर फाइनल होते ही अगले महीने से कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
सुरेश शर्मा नगर में पं. दीन दयाल उपाध्याय द्वार से नगर निगम जोन-3 कार्यालय तक नवनिर्माण के लिए 79.54 लाख रुपये, आशुतोष सिटी से फनसिटी के पीछे पुलिया तक नवनिर्माण कराने के लिए 1.85 करोड़ रुपये, ग्राम दोंद की गौटिया से रामपुर की सीमा तक संपर्क मार्ग के लिए 1.12 करोड़ रुपये, डोहरा रोड से शिव मंदिर रोड का सीसी और नाली निर्माण के लिए 1.85 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।
ग्राम जरपा मोहनपुर में सड़क निर्माण के लिए 1.23 करोड़ रुपये, ग्राम लखीमपुर से मलूकपुर तक नवनिर्माण के लिए 1.35 करोड़, शहर के वार्ड संख्या 19 में गायत्रीनगर सड़क के लिए 1.97 करोड़, परसाखेड़ा गौटिया से नवोदय विद्यालय तक मार्ग नवनिर्माण के लिए 1.45 करोड़, सनईया रानी मेवाकुंवर में प्राथमिक विद्यालय होते हुए जौहरपुर तक सड़क निर्माण के लिए 1.13 करोड़ रुपये की मंजूरी मिली है। जौहरपुर से सनईया रानी मेवाकुंवर तक संपर्क मार्ग के लिए 1.30 करोड़, ग्राम हल्दी से जिला रामपुर की सीमा तक संपर्क मार्ग नवनिर्माण के लिए 2.14 करोड़,
सेंथल जादौपुर मार्ग पचपेड़ा से नहर मार्ग के नवनिर्माण के लिए 3.63 करोड़ का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ है। सिहौर से रामपुर की सीमा तक संपर्क मार्ग के लिए 87.80 लाख, धर्मपुर से आसपुर हसनअली तक संपर्क मार्ग का नवनिर्माण कराने के लिए 3.09 करोड़, ग्राम बिल्सा से रामपुर की सीमा तक संपर्क मार्ग के लिए 77.25 लाख, ग्राम बेहटी मंदिर से खुशहाली आश्रम होते हुए इटौआ मंदिर तक संपर्क मार्ग का नवनिर्माण कराने के लिए 1.27 करोड़ की परियोजना मंजूर हुई है।
इसी तरह 33 सड़कों के लिए स्वीकृत हुई 87 करोड़ की परियोजनाओं का निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है। अधिशासी अभियंता भगत सिंह का कहना है कि टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कराकर गुणवत्ता के साथ सड़कों का निर्माण कराया जाएगा।
