'गुलाबो सिताबो' फेम बरेली की बेटी पूर्णिमा फिर बड़े पर्दे पर, 'डियर हस्बैंड' में निभा रहीं मुख्य किरदार
बरेली की पूर्णिमा शर्मा अपनी नई फिल्म 'डियर हस्बैंड' में सिया का मुख्य किरदार निभा रही हैं, जो पति-पत्नी के ...और पढ़ें

पूर्णिमा शर्मा
HighLights
बरेली में फिल्म अगले सप्ताह दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में पहुंचेगी
जागरण संवाददाता, बरेली। शहर के मढ़ीनाथ निवासी अभिनेत्री पूर्णिमा शर्मा एक बार फिर बड़े पर्दे पर अपनी अदाकारी का जलवा दिखाने जा रही हैं। उनकी फिल्म ‘डियर हस्बैंड’ प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को रिलीज हो गई है। बरेली में फिल्म अगले सप्ताह दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में पहुंचेगी।
इसको लेकर शहर के कलाकारों और सिने प्रेमियों में उत्सुकता है। फिल्म पति-पत्नी के रिश्ते, सफलता और मुश्किल परिस्थितियों के बीच रिश्तों की परीक्षा पर केंद्रित है।
फिल्म की शूटिंग गोंडा जिले में मनकापुर कस्बे के टिकरी जंगल में की गई है। इसमें पूर्णिमा शर्मा ने सिया की मुख्य भूमिका निभाई है। भारतेंदु नाट्य अकादमी (बीएनए) से प्रशिक्षित पूर्णिमा इससे पहले ‘गुलाबो सिताबो’ और ‘सिया’ जैसी फिल्मों में भी अभिनय कर चुकी हैं।
उनके अभिनय सफर में यह फिल्म एक और महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है। हिमाचल थिएटर स्कूल से प्रशिक्षित अभिनेता अजीत गोस्वामी मुख्य नायक की भूमिका में हैं।
कहानी में एक युवक अपनी पत्नी को मायके में छोड़कर नौकरी की तलाश में बाहर चला जाता है। मेहनत के बाद जब वह सफल होकर पत्नी के पास लौट रहा होता है, तभी रास्ते में उसके साथ लूट की घटना हो जाती है।
इसके बाद परिस्थितियां किस तरह करवट लेती हैं और वह इस संकट से बचकर निकल पाता है या किसी नई मुश्किल में फंस जाता है, यही फिल्म का मुख्य द्वंद्व है।
बरेली के दर्शक अगले सप्ताह बड़े पर्दे पर पूर्णिमा शर्मा के अभिनय के साथ इस संघर्षपूर्ण कहानी को देख सकेंगे। निर्देशक धर्मेंद्र कुमार नागिन और जोधा अकबर जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों का निर्देशन कर चुके हैं।
वह गुंडों के गिरोह के मुखिया कप्तान का किरदार निभा रहे हैं। निर्माता रोहित राजावत व अभिनेता बिस्वजीत मैती गिरोह के सदस्य की भूमिका में हैं। वेब सीरीज मर्डर इन माहिम के अभिनेता सतीश त्रिपाठी फिल्म में पुलिस अधिकारी के किरदार में हैं।
