विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी का यह थाना बना 'साइबर हीरो', साइबर अपराध रोकने के लिए थानों की बनेगी हर 3 महीने में रैंकिंग

Published: Mon, 14 Sep 2026 05:30 PM (IST)

बरेली में एसएसपी ने साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए सभी थानों का साइबर रिपोर्ट कार्ड तैयार कर हर ...और पढ़ें

एआई इमेज है।

एआई इमेज है।

HighLights

  1. साइबर ठगी के पीड़ितों को कितना मिला न्याय, उसी के आधार पर बनेगी थानों की रैंक

जागरण संवाददाता, बरेली। चोरी, लूट या डकैती से ज्यादा अब साइबर अपराध समाज को अंदर से खोखला कर रहा है। समाज को आर्थिक रूप से कमजोर करने वाले साइबर ठगों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस भरपूर प्रयास कर रही है। इसी क्रम में अब एसएसपी ने साइबर अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए सभी थानों का साइबर रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जा रहा है।

200 अंक के इस रिपोर्ट कार्ड में 14 बिंदुओं के आधार पर प्राप्त करने वाले अंकों के आधार पर उस थाने की रैंकिंग तैयार होगी। यह रैंकिंग हर तीसरे माह जारी होगी। सबसे ज्यादा अंक पाने वाले को पुरस्कृत और सबसे कम अंक पाने वाले को दंडित करने का भी प्रावधान है।

सबसे पहले रिपोर्ट कार्ड में किला थाना अव्वल रहा है। इस रिपोर्ट कार्ड में एनसीपीआर पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण, प्राथमिकी, बरामदगी, संदिग्ध मोबाइल नंबर की ब्लाकिंग जैसे 14 महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया गया है।

हर बिंदु को अधिकतम 20 और न्यूनतम पांच अंक दिए गए हैं जिनके आधार पर थानों को नंबर मिलेंगे और उन्हीं नंबरों के आधार पर रैंकिंग तैयार होगी। 200 अंकों की इस परीक्षा में किला थाना 145.08 अंक लेकर पहले स्थान पर है, जबकि इज्जतनगर और बारादरी 24 और 58 अंक पाकर अंतिम पायदान पर हैं।

इसी तरह से हाफिजगंज 143.43 अंक के साथ दूसरे नंबर पर पहुंचा। साइबर थाना 142.13 अंक लेकर तीसरे स्थान पर रहा। फतेहगंज पूर्वी को 139.72 अंक के साथ चौथा और आंवला को 138.48 अंक के साथ पांचवां स्थान मिला।

अलीगंज ने 136.16 अंक हासिल कर छठा स्थान बनाया। मीरगंज 132.37 अंक के साथ सातवें और प्रेमनगर 131.68 अंक लेकर आठवें स्थान पर रहा।

फतेहगंज पश्चिमी को 130.90 अंक के साथ नौवीं रैंक मिली, जबकि 127.45 अंक हासिल कर शेरगढ़ टाप-10 में आखिरी स्थान पर रहा। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पहले स्थान पर आने वाले थाने को 10 हजार रुपये, दूसरे स्थान वाले को साढ़े सात और तीसरे स्थान वाले को पांच हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।

सबसे खराब प्रदर्शन करने वाले थाने यह हैं

सभी 29 थानों में खराब प्रदर्शन करने वाले थानों में सबसे आगे इज्जतनगर थाना हैं। यह थाना महज 24.93 अंक हासिल कर 29वेंयानी अंतिम पायदान पर है। बारादरी 58.84 अंक लेकर 28वें और कोतवाली 68.61 अंक के साथ 27वें स्थान पर रहा।

इसी तरह से बहेड़ी को 72.56 अंक के साथ 26वीं और भोजीपुरा को 93.12 अंक के साथ 25वीं रैंक मिली। इतना ही नहीं शीशगढ़ 95.12 अंक के साथ 24वें और देवरनियां 99.99 अंक लेकर 23वें स्थान पर रहा। इसी तरह से भमौरा 22वें, कैंट 21वें और शाही 20वें स्थान पर रहा।

यह भी पढ़ें- 'नालों की सफाई नहीं, कब्जे हैं वजह'... बरेली में जलभराव पर डीएम का बड़ा एक्शन, स्कूल निर्माण भी रोका