विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोशल मीडिया पर फेमस होने की सनक : 15 सेकंड की शोहरत के चक्कर में बर्बाद हो रहा युवाओं का करियर

Published: Thu, 01 Oct 2026 02:55 PM (GMT+05:30)

युवा इंटरनेट पर पहचान बनाने की होड़ में आपत्तिजनक रील और धमकी भरे वीडियो बनाकर कानून व सामाजिक सौहार्द से ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. कानून, सामाजिक सौहार्द और दूसरों की गरिमा से भी किया जा रहा खिलवाड़

  2. आपत्तिजनक रील और धमकी भरे वीडियो के मामलों में पुलिस कर रही हस्तक्षेप

जागरण संवाददाता, बरेली। इंटरनेट मीडिया पर कुछ सेकंड की रील बनाकर लाखों व्यूज पाने की होड़ में कई युवा ऐसी गलतियां कर दे रहे हैं, जिनका अंजाम पुलिस कार्रवाई तक पहुंच रहा है। खुद की पहचान बनाने की होड़ में नकारात्मक रास्ते को भी अपना रहे हैं। मंडल में हाल के दिनों में भ्रामक पोस्ट, सार्वजनिक स्थानों पर आपत्तिजनक रील और धमकी भरे वीडियो के मामलों में पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा है।

इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित (वायरल) होने के लिए कई बार युवा तथ्यों की पुष्टि किए बिना ही संवेदनशील सामग्री साझा कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग सड़क या सार्वजनिक स्थानों पर नियमों की अनदेखी कर वीडियो बना रहे हैं।

शिकायत मिलने पर ऐसे मामलों की जांच कर संबंधित लोगों को चेतावनी दी और गंभीर मामलों में कानूनी कार्रवाई भी की गई है। साइबर विशेषज्ञ बताते हैं कि प्रसारित होने के लिए कानून, सामाजिक सौहार्द और दूसरों की गरिमा से खिलवाड़ न करें। डिजिटल दुनिया में एक छोटी गलती भविष्य पर भारी पड़ सकती है।

पाकिस्तान का नाम लेने पर घिरी युवती

पीलीभीत की स्वाति गंगवार ने फेसबुक पर पाकिस्तान की तस्वीरों के साथ पोस्ट लिखी, पाकिस्तान से अब मैं कभी वापस नहीं आऊंगी इंडिया। शिकायत मिलने पर पुलिस उनके घर पहुंची, पोस्ट हटवाई और भविष्य में आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी।

तबाही मचा दो…ऑडियो वाली रील

प्रेमनगर क्षेत्र में साहिब नाम के अकाउंट से एक रील पोस्ट की गई, जिसमें बैकग्राउंड में तबाही मचा दो… जैसी आवाज का इस्तेमाल हुआ। वीडियो को लेकर शिकायत दर्ज हुई, जिसके बाद पुलिस ने दो युवकों पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की।

कैंट की सड़क पर नृत्य वाली रील

कैंट क्षेत्र की इन्फ्लूएंसर युवती ने व्यस्त सड़क पर डांस करते हुए रील बनाई। वीडियो वायरल होने के बाद राहगीरों ने यातायात बाधित होने और सार्वजनिक सुरक्षा का मुद्दा उठाया। शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच कर युवती को चेतावनी दी।

संगठन द्वारा युवती का वीडियो प्रसारित

एक सामाजिक संगठन ने रेस्टोरेंट में एक युवती का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किया। शिकायत पर पुलिस ने निजता और आपत्तिजनक प्रसारण के आरोपों में संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

पहचान बनाने की होड़

मंडलीय मनोविज्ञान केंद्र की प्रवक्ता यशिका वर्मा ने बताया कि इस तरह के युवाओं की चाह सिर्फ लाइक्स और व्यूज नहीं, बल्कि पहचान है। उन्हें मतलब नहीं रहता कि वह पहचान सकारात्मक है या नकारात्मक।

बहुत से लोग शुरुआत में गलत काम के लिए इंटरनेट पर प्रसारित हुए, बाद में उन्हें टीवी शो और इंटरव्यू में बुलाया गया। यह भी युवा पीढ़ी को प्रभावित कर रहा है।

उदाहरण के तौर पर बीते दिनों गुरुग्राम में एक लेडी बाइकर का वीडियो वायरल हुआ था, जिसे कार ने टक्कर मारी। इसमें आरोपित का साक्षात्कार हुआ, उसका नजरिया पूछा जा रहा था।

गलत राह पर जाने से बचाने के लिए अभिभावक को दोस्त बनकर निगरानी रखनी होगी। युवाओं को प्रसारित होने के लिए सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाना होगा, जिसे सभी प्रोत्साहित और पसंद भी करते है।

यह भी पढ़ें- बरेली में फेरीवाले के घर ED की रेड: बैंक खाते में हुआ ऐसा लेनदेन कि उड़ गए अधिकारियों के होश!