बरेली में खौफनाक हादसे: कहीं नल छूते ही शिक्षक की गई जान, तो कहीं टेंट लगाते वक्त 11 हजार वोल्ट से झुलसा युवक
बरेली में करंट लगने से दो अलग-अलग हादसों में एक युवक और एक शिक्षक की मौत हो गई। कैंट क्षेत्र ...और पढ़ें

मृतक नवल किशोर और नाजिम की फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, बरेली। जिले में कैंट क्षेत्र में टेंट का काम करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक और भुता क्षेत्र में नल पर हाथ धोने गए शिक्षक की करंट लगने से मौत हो गई।
कैंट क्षेत्र के उमरिया गांव में टेंट का काम करते समय नाजिम 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वह बिथरी चैनपुर क्षेत्र के ग्राम खजुरिया के निवासी थे।
स्वजन के मुताबिक नाजिम उमरिया में टेंट कारोबारी इकबाल की दुकान से जुड़े काम के लिए गए थे, इसी दौरान हादसा हुआ। स्वजन ने टेंट कारोबारी पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
वहीं भुता क्षेत्र के सरकड़ा गांव निवासी पूरनलाल के मुताबिक उनका बेटा नवल किशोर करीब तीन वर्ष से सरथगंज के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में अंग्रेजी के शिक्षक थे और स्कूल के पास राकेश साहू के मकान में किराये पर रहते थे।
बुधवार सुबह खाना बनाने की तैयारी के दौरान वह हाथ धोने के लिए नल पर गए। इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए। साथ में रहने वाले जितेंद्र पाल ने साथियों को सूचना दी और उन्हें पहले पास के अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर बरेली जिला अस्पताल रेफर किया, जहां डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
