Bareilly News: भाजपा पार्षदों का Report Card तैयार, खतरे में दस का भविष्य, लखनऊ में होगा फैसला
Nagar Nikay Chunav निकाय चुनाव को लेकर भाजपा पार्षदों का रिपोर्ट कार्ड तैयार हो चुका है।जिसके बाद दस से अधिक पार्षदों का भविष्य खतरे के निशान पर हैं। जबकि सक्रिय पार्षद को पुरस्कार मिल सकता है।इसका फैसला लखनऊ में आयोजित बैठक में होगा।
बरेली, अशाेक आर्य। Nagar Nikay Chunav: निकाय चुनाव (Nikay Chunav) कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने सक्रियता बढ़ाई है। इस चुनाव के लिए पार्टी ने भाजपा पार्षदों का रिपोर्ट कार्ड (Report Card) तैयार कर लिया है। शनिवार को प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी (Bhupendra Singh Choudhary) के नेतृत्व में होने वाली बैठक में पार्षदों का भविष्य तय होगा। सक्रिय पार्षदों को ही आगे पुरस्कार मिल सकता है। बैठक में शामिल होने के लिए महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा और निकाय चुनाव संयोजक अधीर सक्सेना को बुलाया गया है।
नगर निकाय के चुनाव नवंबर में होने की उम्मीद है। इसी हफ्ते में महापौर पद का आरक्षण (Reservation) भी जारी हो सकता है। उसके साथ ही पार्षदों के लिए वार्डों का भी आरक्षण तय होगा। चुनाव में जीत के लिए भाजपा नेताओं ने तैयारी तेज कर दी है। निकाय चुनाव की तैयारियों को लेकर शनिवार को लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने पदाधिकारियों की बैठक बुलाई है। बैठक के लिए स्थानीय पदाधिकारियों ने तैयारी पूरी कर ली है।
भाजपा पार्षदों का पांच साल का पूरा रिकार्ड तैयार किया गया है। किस पार्षद का जनता से कैसा जुड़ाव है, संगठन के कार्यों में उनकी भूमिका क्या रहती है, अपने क्षेत्रों में पांच साल में कितना काम कराया है। जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों के साथ उनका संबंध कैसा है। पूरी रिपोर्ट तैयार की गई है। इस रिपोर्ट को प्रदेश अध्यक्ष के सामने रखा जाएगा। इसके बाद ही पार्षदों का भविष्य तय होगा।
पता चला है कि दस से अधिक पार्षदों का भविष्य खतरे के निशान पर है। वही, सक्रिय व काम करने वाले पार्षदों को दोबारा मौका दिया जा सकता है। इसके साथ ही वार्डों के जातिगत समीकरण, पिछले साल का आंकड़ा भी इकट्ठा किया गया है। वही, महापौर पद के लिए भी जातीय समीकरण लेकर पदाधिकारी लखनऊ जाएंगे।
तैयारियों को लेकर बनाई कोर कमेटी
भाजपा महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा ने बताया कि शनिवार को लखनऊ में नगर निकाय चुनाव के संबंध में बैठक होनी है। इसमें चुनाव को लेकर अपनी तैयारियों को रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि पदाधिकारियों की कोर कमेटी बनाई गई है। प्रशासन से जुड़े कामों, वोटर लिस्ट पर काम करने, वोट बढ़ाने, आवेदनों को देखने, महापौर के आवेदनों पर काम आदि के लिए जिम्मेदारियां दे दी गई हैं। चुनाव को लेकर हमारी सभी तैयारियां पूरी हैं।
जरूरत पड़ी तो बनाए जाएंगे पन्ना प्रमुख
निकाय चुनाव संयोजक अधीर सक्सेना ने बताया कि लखनऊ में निकाय चुनाव प्रभारी व सह प्रभारी भी शामिल होंगे। उनसे जो निर्देश मिलेंगे उसे लागू किया जाएगा। फिलहाल यहां वार्ड संयोजक बना लिए गए हैं। जल्द बूथ संयोजक भी बनाए जा रहे हैं। अगर जरूरत पड़ी तो पन्ना प्रमुख भी बनाए जाएंगे। कही भी कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।