Bareilly News : गजब है पुलिस भर्ती परीक्षा के 'मुन्ना भाई', 15 मिनट में दे देते है 104 सवालोंं के जवाब
Police Recruitment Exam Fraud Case Update पकडे गए आरोपितों ने 15 मिनट में सवालो के जवाब देकर पुलिस को चौंका दिया। सवालों के जवाब देने की रफ्तार और पैटर्न पहले पकड़े गए आरोपितों से मेल खाता है।
बरेली, जेएनएन। Police Recruitment Exam Fraud Case Update : पुलिस भर्ती परीक्षा में चार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद दो और अभ्यर्थियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। यह दोनों आरोपित भी गजब के माइंडेड निकले। दोनों आरोपितों ने महज 15 मिनट में 104- 105 सवालों के जवाब दे डाले। पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपितों ने अपने नाम मोहम्मद हरून और भूपेंद्र कुमार सिंह बताए है। पुलिस के अनुसार इनका भी वही पैटर्न था। जो पहले पकड़े गए चार आरोपितों ने अपनाया था।
परीक्षा से आधे घंटे पहले तक शांत बैठे रहे दाेनाें आराेपित
शुरू के करीब आधा घंटे तक दोनों आरोपित बिल्कुल शांत बैठे रहे। एक भी सवाल को हल नहीं किया। अंतिम समय में इन्होंने धड़ल्ले से सवालों के जवाब देना शुरू कर दिया। मोहम्मद हरूल और भूपेंद्र की परीक्षा आगरा के कृष्णा इंफोटेक सेंटर में हुई थी। मुकदमे में इस सेंटर को भी नामजद किया गया है। फिलहाल अभी तक यह दोनों आरोपित पुलिस की गिरफ्त से दूर है। मगर जल्दी ही इन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बड़े गैंग का काम हाेने की आशंका, बाेर्ड की तरफ मिल रहा अपडेट
पुलिस की माने तो यह किसी बहुत बड़े गैंग का काम है, जिसने इस तरह से सेंध लगाई है। अभी और भी अभ्यर्थियों पर मुकदमा होने की आशंका जताई जा रही है। बोर्ड के तरफ से मिल रही लगातार अपडेट के आधार पर बरेली पुलिस धड़ल्ले से मुकदमे दर्ज कर रही है।