Bareilly News: बरेली में बढ़ रहे Dengue के मरीज, एक दिन में मिले 14 नए केस, 86 के पार पहुंचा आंकड़ा
Bareilly Dengue News डेंगू तेजी से फैल रहा है। 14 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके बाद डेंगू पीड़ितों की संख्या 86 पहुंच गई है। लगातार मरीज बढ़ने के बाद भी जिला अस्पताल में केवल आठ बेड का ही वार्ड बनाया गया है।
बरेली, जागरण संवाददाता। Bareilly Dengue News : जिले में डेंगू का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। सोमवार को 14 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। इसके बाद जिले में डेंगू पीड़ितों की संख्या 86 पहुंच गई है। उधर, दूसरी ओर लगातार मरीज बढ़ने के बाद भी जिला अस्पताल में डेंगू मरीजों के लिए केवल आठ बेड का ही वार्ड बनाया गया है।
वो भी पूरा डेंगू पीड़ितों से भरा हुआ है। वहां पर एक और मरीज भर्ती करने की जगह नहीं हैं। मजबूरी में मरीजों को घर पर रहकर ही इलाज कराना पड़ रहा है।
सीएमओ डा. बलवीर सिंह ने बताया कि, सोमवार को कुल 57 लोगों की एनएस1 कार्ड से संदिग्ध मरीजों की जांच की गई। इसमें से सात लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। वहीं 14 लोगों में एलाइजा जांच से डेंगू की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि अभी तक जिले में 11 ब्लाक के 31 गांव डेंगू से जूझ रहे हैं।
वहीं शहर के भी 19 वार्ड ऐसे हैं जहां डेंगू मरीज मिले हैं। मरीजों की संख्या के आधार पर देखा जाए तो देहात क्षेत्र में डेंगू के कुल 65 मरीज तो शहर में 21 मरीज हैं। सीएमओ का कहना है कि जिन गांव में डेंगू पीड़ित मिल रहे हैं वहां पर लगातार फागिंग कराई जा रही है। इसके बाद भी मरीजों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही।
88 घर तो 102 घरों के बाहर मिले लार्वा
सोमवार को आशाओं के सर्वे में कुल 88 घरों में लार्वा मिला हैं। तो वहीं 102 घरों के बाहर लार्वा मिलने की पुष्टि हुर्ठ है। फिलहाल सभी घरों के लार्वा को नष्ट कर दिया गया है। उधर, यदि अप्रैल से अब तक के आंकड़ों पर गौर करें तो कुल 210 घरों में लार्वा मिल चुका है।