Move to Jagran APP

Bareilly News : बरेली में प्रापर्टी डीलर की माैत, घर में पड़ा मिला शव, हत्या की आशंका

Bareilly Property Dealer News बरेली में प्रापर्टी डीलर की मौत हो गई। उसका शव घर में औंधे मुंह पड़ा मिला।जिसके मुंह और नाक से खून निकल रहा था।जिसके बाद प्रापर्टी डीलर की हत्या होने की संभावना जताई जा रही है।

By Ravi MishraEdited By: Published: Sat, 21 May 2022 01:52 PM (IST)Updated: Sat, 21 May 2022 01:52 PM (IST)
Bareilly News : बरेली में प्रापर्टी डीलर की माैत, घर में पड़ा मिला शव, हत्या की आशंका
Bareilly News : बरेली में प्रापर्टी डीलर की माैत, घर में पड़ा मिला शव, हत्या की आशंका

बरेली, जेएनएन। Bareilly Property Dealer News : सुभाषनगर के रहने वाले प्रापर्टी डीलर अरुण कुमार पांडेय का शव शुक्रवार को घर में औंधे मुंह पड़ा मिला। उनके नाक व मुंह से खून निकल रहा था। शरीर में चोट के और कहीं निशान नहीं दिख रहे थे। घर में सामान बिखरा पड़ा था, बक्से भी खुले थे। यहीं नहीं पुलिस को बड़ी मात्रा में शराब की खाली बोतलें भी बरामद हुई हैं। आस-पास के लोग हत्या की आशंका जता रहे हैं। पत्नी से विवाद के चलते बीते दस साल से वह अकेले ही रह रहे थे। पत्नी सरिता बेटे तन्मय संग नोएडा में रहती हैं। स्वजन देरशाम तक शहर नहीं पहुंचे थे जिसके चलते शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। लिहाजा, शनिवार को मौत का असल सच सामने आ सकेगा।

loksabha election banner

अरुण कुमार पांडेय सुभाषनगर के कालीचरण मार्ग पर रहते थे। प्रापर्टी के साथ वह ब्याज का काम भी करते थे। सुभाषनगर पुलिस ने बताया कि अरुण के दो घर हैं। घर के ठीक पीछे दूसरे घर में किराएदार रहते हैं। खुद घर पर वह अकेले रहते थे। रोज उनको देखा जाता था। गुरुवार को वह नहीं दिखे। न दिखने पर पड़ोस के रहने वाले लकी चौहान व किराएदार अरुण घर पहुंचे। घर पर कूलर चल रहा था। दोनों ने काफी आवाज दी, वह नहीं बोले। फोन किया तो उठा नहीं।

इसके बाद दरवाजे पर हाथ मारा तो वह खुला था। अंदर दाखिल हुए तो बेड के पास फर्श पर उनका शव औंधे मुंह पड़ा था। दोनों बाहर की ओर भागे। आस-पास के लोगों को जानकारी दी। डायल-112 पर फोन किया गया। सीओ सेकेंड आशीष प्रताप सिंह फारेंसिक टीम व फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, अरुण के नाक व मुंह से खून निकल रहा था। उनकी मौत की असल वजह पोस्टमार्टम में ही साफ हो पाएगी।

शरीर नहीं था अकड़ा

आस-पास चर्चा उठी कि गुरुवार से वह नहीं दिखे। इसका मतलब उसी दिन उनकी मौत हो चुकी थी। इस पर पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या ऐसा नहीं लग रहा। यदि मौत के 24 घंटे से अधिक हो गए होते तो शरीर अकड़ जाता जबकि ऐसा नहीं है।

स्कूटी व ताला समेटे है राज

आस-पास के लोगों के मुताबिक, गुरुवार को अरुण के घर पर स्कूटी नहीं खड़ी थी जबकि शुक्रवार को जब दोनों पहुंचे तो स्कूटी खड़ी मिली। इसके अलावा घर का एक दरवाजा गली में खुलता है जिसमे कभी ताला नहीं लगता। उसमे भी ताला बंद मिला। इसी के बाद से हत्या की चर्चा क्षेत्र में आम हो उठी। लोगों का कहना है कि वारदात के समय कोई आ न जाए। लिहाजा, इसी के चलते ताला बंद किया गया होगा। घर में बिखरा पड़ा सामान, खुले बक्से कई सवाल खड़े कर रहे हैं। लूटपाट के बाद वारदात की आशंका भी जताई जा रही है।

शराब के थे लती, गैर संप्रदाय के महिला से संबंध की चर्चा

पुलिस के मुताबिक, अरुण के घर में जिस तरह से शराब की खाली बोतलें मिली हैं। उससे साफ है कि वह शराब का लती था। आस-पास के लोग भी यही बता रहे है। चर्चा यह भी है कि अरुण के गैर संप्रदाय की महिला से संबंध थे। इसी के चलते पत्नी से विवाद हुआ था और वह अलग रहने लगी थीं। पड़ोस के लोगों से उनकी हरकतों के चलते ही नहीं बनती थी। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच में जुटी है।

पोस्टमार्टम के बाद ही मौत की असल वजह सामने आ सकेगी। स्वजन को जानकारी दे दी गई है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई कराई जाएगी।- रविंद्र कुमार, एसपी सिटी


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.