किला छावनी के राहुल ने नदी में लगाई छलांग, देखते ही देखते पानी में समाया, तलाश जारी
किला छावनी में 27 वर्षीय राहुल राठौर ने नशे की हालत में नदी में छलांग लगा दी, जिसके बाद से ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, बरेली। किला छावनी क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां 27 वर्षीय राहुल राठौर ने शराब के अत्यधिक नशे में नदी में छलांग लगा दी। घटना के बाद से ही युवक लापता है, जिसकी तलाश में पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार जुटी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राहुल राठौर निवासी किला छावनी दोपहर के समय नदी के किनारे नशे की हालत में घूम रहा था। देखते ही देखते उसने अचानक नदी के तेज बहाव में छलांग लगा दी।
पानी में कुछ दूरी तक बहते हुए वह लोगों को दिखाई दिया, लेकिन इसके बाद वह गहरे पानी में समा गया और अचानक ओझल हो गया।स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आनन-फानन में स्थानीय गोताखोरों को बुलाया गया। गोताखोरों की टीम नदी में उतरकर राहुल की तलाश कर रही है, लेकिन नदी के बहाव और गहराई के कारण अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है।
पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और जल पुलिस की भी मदद ली जा रही है। राहुल के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है, जिससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें- जागरण की 38वीं उड़ान, बरेली शहर की नई पहचान
