बरेली में दिल दहलाने वाली वारदात: नशेड़ी पति ने चाकू और सिलबट्टे से गोदकर पत्नी को उतारा मौत के घाट
बरेली के जोगीनवादा में एक पति ने शराब के नशे में पैसे मांगने को लेकर हुए विवाद में अपनी पत्नी ...और पढ़ें

मृतका सरोज फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, बरेली। जोगीनवादा में एक महिला की पति ने चाकू और सिलबट्टे से हमला कर हत्या कर दी। हत्या के बाद वह घर पर एक बेटी को छोड़कर फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपित शराब पीने का आदी है और नशा करने के लिए रुपयों की मांग कर रहा था, इसी बात पर विवाद हुआ। आरोपित की तलाश की जा रही है।
बदायूं के मूसाझगा निवासी महेश ने बताया कि उनकी बहन सरोज की शादी जोगीनवादा निवासी सतीश से हुई थी। सतीश शादी के बाद से ही उनकी बहन को परेशान करता था।
उनकी बहन इससे परेशान होकर मायके में रह रही थी। दो दिन पहले ही सतीश सरोज को लेकर जोगीनवादा आया था। गुरुवार को किसी बात को लेकर सतीश और सरोज में कहासुनी हो गई।
इस पर गुस्से में सतीश ने सरोज के पेट में चाकू से कई वार किए और इसके बाद सिलबट्टे से सिर में वार कर दिया। इसके बाद वह दो बेटों को अपने साथ लेकर चला गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित बच्चों को साथ लेकर नहीं गया है। एक बच्चा किसी दुकान पर काम करने गया था और दूसरा कहीं बाहर गया हुआ था। घर में तीन वर्ष की बेटी मौजूद मिली थी। आरोपित की तलाश की जा रही है।
