सर्दी ने तोड़े रिकार्ड, नैनीताल, दिल्ली, लखनऊ से भी ठंडा बरेली
पहाड़ों पर बर्फबारी के वजह से सर्दी नए कीर्तिमान बना रही है। पारा ऐसा लुढ़का है कि बरेली ने नैनीताल दिल्ली लखनऊ कानपुर को पीछे छोड़ दिया है। शुक्रवार को बरेली का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान भी 11.6 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा।
बरेली, जेएनएन। पहाड़ों पर बर्फबारी के वजह से सर्दी नए कीर्तिमान बना रही है। पारा ऐसा लुढ़का है कि बरेली ने नैनीताल, दिल्ली, लखनऊ, कानपुर को पीछे छोड़ दिया है। शुक्रवार को बरेली का न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। धूप निकली नहीं, इसलिए अधिकतम तापमान भी 11.6 डिग्री सेल्सियस पर टिका रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान अगले तीन दिन ऐसी ही कड़ाके की ठंड का है।
बरेली समेत पूरा उत्तर भारत ठिठुर रहा है। मनाली, श्रीनगर में तो माइनस में तापमान चल रहा है। गुरूवार को बरेली का तापमान 3.3 डिग्री दर्ज हुआ था। शुक्रवार को खास बदलाव नहीं हुआ। लोग धूप निकलने का इंतजार करते रहे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। दिन में सामान्य दिनों के अपेक्षा सड़कों पर लोगों का आवागमन भी कम रहा। लोग अनावश्यक रूप से घरों से नहीं निकले। मौसम विभाग की वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार को नैनीताल का न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस, लखनऊ में न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस, दिल्ली में 6.2 डिग्री सेल्सियस, कानपुर 6.4 डिग्री सेल्सियस, चंडीगढ़ में 4.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
पंतनगर विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. आर के सिंह का कहना है कि तीन दिन तक कड़ाके की ठंड पड़ने का पूर्वानुमान है। लोगों को संभलकर रहने की जरूरत है। उत्तराखंड से सटे होने की वजह से बरेली में तापमान तेजी से गिर रहा है।