बरेली में नैनीताल जैसी सर्दी
बरेली में रोजाना बदल रहे मौसम का मिजाज शनिवार को भी बदला नजर आया। शुक्रवार की धूप के बाद सुबह रिमझिम बारिश के बाद सर्दी थोड़ा बढ़ गयी। ऐसा लग रहा है कि यहीं नैनीताल हो गया है।
जेएनएन, बरेली : रोजाना बदल रहे मौसम का मिजाज शनिवार को भी बदला नजर आया। शुक्रवार की धूप के बाद सुबह रिमझिम बारिश के बाद सर्दी थोड़ा बढ़ गयी। ऐसा लग रहा है कि यहीं नैनीताल हो गया है। दोपहर में कोहरे का राज रहा। उधर भारी सर्दी के चलते लोग ठिठुर रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शनिवार को सूर्यदेव के दर्शन नहीं होंगे, यह बात सही गई। शाम होने को है लेकिन कोहरा छाया है। आम जन को सर्दी से राहत नहीं है। सर्दी के चलते बाजारों में भी भीड़ ना के बराबर है। शुक्रवार की रात भी सर्दी के चलते यहां के बाजार आठ बजे तक बंद हो गए थे। पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डा. आरके सिंह ने बताया कि शनिवार को मौसम में बदलाव के साथ ही रविवार यानी कि 23 जनवरी को मौसम का मिजाज फिर बदलेगा और बरेली में करीब आठ मिलीमीटर बारिश होने की संभावना है। य 24 जनवरी को भी बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इसके बाद मौसम बदलेगा और 25 और 26 जनवरी को मौसम साफ रहेगा, लेकिन कोहरा छाया रहेगा। बारिश से आलू की फसल को बहुत नुकसान हो रहा है। हालांकि यह गेहूं और जौ के लिए फायदेमंद है। सरसों की फसल पर माऊं का रोग आने की आशंका कृषि वैज्ञानिक जता रहे हैं। शनिवार की सर्दी में भी लोग घूमने को उत्सुक हैं। वह रविवार के लिए नैनीताल और पीलीभीत टाइगर रिजर्व घूमने का कार्यक्रम बना रहे हैं। नैनीताल में स्नो फाल का दृश्य बरेली के लोग बड़ी संख्या में देखने जाते हैं।