बरेली औद्योगिक टाउनशिप: BDA ने 41 करोड़ में खरीदी 21 हेक्टेयर भूमि, भू-स्वामियों को मिला आठ करोड़ मुआवजा
बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) दिल्ली रोड पर 126.30 हेक्टेयर में औद्योगिक टाउनशिप विकसित कर रहा है, जिसके लिए 21 हेक्टेयर भूमि 41 करोड़ रुपये में खरीदी जा चुकी है।

इंडस्ट्रियल टाउनशिप में भूमि देने वाले किसान को मुआवजा चेक सौंपतीं बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय। सौ. बीडीए
HighLights
BDA दिल्ली रोड पर औद्योगिक टाउनशिप विकसित कर रहा है।
परियोजना के लिए 21 हेक्टेयर भूमि 41 करोड़ रुपये में खरीदी।
यह टाउनशिप स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेगी।
जागरण संवाददाता, बरेली। दिल्ली रोड पर प्रस्तावित बीडीए की नई औद्योगिक टाउनशिप धरातल पर उतारने की कवायद तेज हो गई है। परियोजना के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। 126.30 हेक्टेयर में प्रस्तावित योजना के लिए शनिवार को भी भूमि खरीद के बाद किसानों को मुआवजा वितरण किया गया। अधिकारियों के अनुसार, परियोजना के लिए 41 करोड़ से 21 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है।
जिले में उद्यम को बढ़ावा देने को बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने रामपुर रोड स्थित चार गांव में इंडस्ट्रियल टाउनशिप के विकास की योजना बनाई है। इसके लिए चार गांव की 126.30 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। परियोजना के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। शनिवार को चार हेक्टेयर और भूमि का क्रय करते हुए भू-स्वामियों को करीब आठ करोड़ रुपये का मुआवजा दिया गया।
पुनर्ग्रहण के माध्यम से ली जा रही जमीन
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि सरदार वल्लभभाई पटेल इंप्लायमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन विकसित किया जा रहा है। इसी क्रम में बीडीए ने बरेली में औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने की योजना तैयार की है।
रसूला चौधरी, भिटौरा नौंगवा उर्फ फतेहगंज पश्चिमी, चिटौली और रहपुरा जागीर में चिह्रित भूमि खरीदी जा रही है। बताया कि, इसमें करीब 28 हेक्टेयर ग्राम समाज और सरकारी भूमि है, जिसे पुनर्ग्रहण के माध्यम से लिया जा रहा है।
शेष करीब 98 हेक्टेयर भूमि भू-स्वामियों से आपसी सहमति के आधार पर खरीदी जा रही है। इसमें चौड़ी सड़कें, भूमिगत विद्युत नेटवर्क, जलापूर्ति, सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था के साथ हरित क्षेत्र विकसित होंगे। ई-चार्जिंग स्टेशन, गैस लाइन, नेटवर्क, कामन पार्किंग, सालिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम और फायर स्टेशन जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।
उपाध्यक्ष ने कहा कि, टाउनशिप विकसित होने के बाद नए उद्योगों की स्थापना और मौजूदा उद्योगों के विस्तार के लिए अनुकूल वातावरण मिल सकेगा। स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रुप से बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।
