बरेली ऑनर किलिंग: हत्या से पहले पैरों में ठोंकी कीलें, प्रेमी के लिए अड़ी थी 10वीं की छात्रा, 6 फीट गहरे गड्ढे में नमक डालकर दफनाया
बरेली में एक 17 वर्षीय किशोरी की ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसमें प्रेमी के लिए अड़ी ...और पढ़ें

मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम और गड्ढे की खोदाई करते हुए मजदूर फाइल फोटो
HighLights
पोस्टमार्टम में किशोरी के दोनों पैरों में निकलीं चार सेमी की छह कीलें
गमछे के साथ दुपट्टा भी गले में लिपटा, पैनल में किया गया पोस्टमार्टम
जागरण संवाददाता, बरेली। किशोरी की हत्या से पहले उसे टार्चर भी किया गया। दर्द देने के लिए उसके दोनों पैरों में तीन-तीन कीलें भी ठोंकी गई थीं। यह कील इतनी बड़ी थीं कि आसानी से पैर के पार हो जाएं। इसके बाद उसकी हत्या की गई और शव को करीब साढ़े छह फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया।
बुधवार को जब किशोरी का पोस्टमार्टम हुआ तो ये बातें सामने आई। उसकी मौत की असली वजह जानने के लिए विसरा सुरक्षित किया गया। साथ ही गले की हड्डी को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है। मृतक की पुष्टि के लिए डीएनए सैंपल भी लिया गया है। अभी तक इस मामले में कोई प्राथमिकी पंजीकृत नहीं की गई है।
अलीगंज के गांव अनिरुद्धपुर गौटिया निवासी 17 वर्षीय किशोरी कक्षा 10 की छात्रा थी। उसका गांव के ही एक युवक से प्रेम-प्रसंग था। उसका प्रेमी वर्तमान में मुंबई में रहकर एक होटल में काम करता है। पूर्व में स्वजन ने दोनों को एक साथ पकड़ा तो मारपीट की थी। मगर किशोरी मानने को तैयार नहीं थी।
किशोरी का संयुक्त परिवार है इसलिए पिता-चाचा सभी साथ में रहते हैं। 28 जुलाई की शाम को भी किशोरी का परिवार के सदस्यों से प्रेमी के साथ रहने को लेकर झगड़ा हो गया। स्वजन ने समझाने का प्रयास किया मगर किशोरी ने दो टूक कहा कि व प्रेमी के साथ ही रहेगी जिसे जो करना है कर ले।
इसी के बाद स्वजन ने उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को ठिकाने लगाने के लिए रात में ही अपने 12 बीघा के खेत में साढ़े छह फीट गहरा गड्ढा खोदा और उसमें दफना दिया। शव जल्दी से गल जाए इसके लिए कई किलो नमक भी डाला गया। मंगलवार रात को पुलिस ने चाचा की निशानदेही पर किशोरी का शव बरामद किया।
बुधवार को जब उसका पोस्टमार्टम कराया गया तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पता चला कि किशोरी की हत्या से पहले उसके पैरों में कीलें ठोंककर उसे टार्चर किया गया। उसके दोनों पैरों से चार-चार सेंटीमीटर की छह कीलें बरामद हुई हैं। जिसे सील कर दिया गया है।
मौत की असली वजह जानने के लिए शव का विसरा सुरक्षित किया गया है। बता दें कि किशोरी के शव का पोस्टमार्टम पैनल और वीडियोग्राफी के बीच कराया गया। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। यदि कोई शिकायती पत्र नहीं देगा तो पुलिस अपनी ओर से कार्रवाई करेगी।
90 प्रतिशत तक गल चुका था शव
पोस्टमार्टम से स्पष्ट हुआ कि किशोरी का शव करीब 90 प्रतिशत तक गल चुका था। चूंकि, उसमें नमक डाला गया इसलिए शव और जल्दी गला। शव गलने की वजह से मौत की असली वजह सामने नहीं आ सकी। हालांकि, डाक्टरों ने शव की पहचान के लिए डीएनए सैंपल लिया है। साथ ही स्लाइड भी बनाई है। बता दें कि किशोरी के गले में गमछे की गांठ के अलावा एक दुपट्टा भी कई बार गले में लिपटा मिला था।
किशोरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हुआ। विसरा सुरक्षित किया गया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
- अंशिका वर्मा, एसपी साउथ।
यह भी पढ़ें- प्रेम प्रसंग में खौफनाक कदम: 10वीं की छात्रा की हत्या कर खेत में 6.5 फीट गहरा गाड़ा, नमक भी डाला
