पत्नी को गुजारा भत्ता न देना पड़े, इसलिए भाई-भतीजे के नाम कर दी जमीन; कोर्ट ने ऐसे पलट दिया पूरा खेल
पत्नी को गुजारा भत्ता देने से बचने के लिए पति ने अपनी जमीन भाई-भतीजे के नाम कर दी थी, जिसे अदालत ने शून्य घोषित कर दिया। परिवार न्यायालय ने मुरादाबाद जिलाधिकारी को जमीन से 3.30 लाख रुपये बकाया वसूल कर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।

एआई इमेज
HighLights
3.30 लाख भरण-पोषण बकाया, पत्नी का हक मारने की कोशिश नाकाम
जागरण संवाददाता, बरेली। पत्नी को गुजारा भत्ता देने से बचने के लिए जमीन भाई और भतीजे के नाम कर दी, लेकिन अदालत ने संपत्ति बचाने का यह खेल पकड़ लिया। परिवार न्यायालय के अपर प्रधान न्यायाधीश संजय कुमार सिंह ने बेगमपुर कांठ मुरादाबाद निवासी सलीम के दानपत्र और बैनामे को भरण-पोषण की वसूली के लिए निष्प्रभावी और शून्य घोषित कर दिया।
अदालत ने जिलाधिकारी मुरादाबाद को जमीन से बकाया रकम वसूल कर अगली सुनवाई पर आख्या देने का निर्देश दिया है। बहेड़ी निवासी नाजमा ने वर्ष 2020 में भरण-पोषण के लिए अदालत में आवेदन किया था।
तीन वर्ष की सुनवाई के बाद पति सलीम को आवेदन की तारीख से हर महीने पांच हजार रुपये देने का आदेश हुआ, मगर उसने एक भी रकम अदा नहीं की। बकाया बढ़कर 3.30 लाख हो गया।
महिला की ओर से अदालत को बताया गया कि वसूली से बचने के लिए विपक्षी ने वर्ष-2023 में बेगमपुर कांठ मुरादाबाद स्थित अपनी जमीन का दानपत्र सगे भाई और विक्रय-विलेख सगे भतीजे के नाम कर दिया।
अदालत ने पांच माह पहले दोनों को नोटिस जारी किए, मगर कई तारीखें मिलने के बाद भी उन्होंने कोई आपत्ति दाखिल नहीं की। सुनवाई के दिन विपक्षी भी उपस्थित नहीं हुआ।
अदालत ने माना कि नोटिस के बावजूद आपत्ति न करना इस बात की पुष्टि करता है कि संपत्ति हस्तांतरण का उद्देश्य भरण-पोषण की जिम्मेदारी से बचना था।
पूर्व पीठासीन अधिकारी ने भी दस्तावेजों को शून्य मानते हुए वसूली के लिए पत्र जारी किया था, लेकिन राजस्व अधिकारियों ने उसका पालन नहीं किया।
दस्तावेजों को औपचारिक रूप से शून्य घोषित कराने के लिए महिला को नई अर्जी देनी पड़ी। हाईकोर्ट ने मामले को निर्धारित समय में निपटाने का निर्देश दिया था।
अब परिवार न्यायालय ने जिलाधिकारी मुरादाबाद को राजस्व अभिलेखों में दर्ज जमीन से बकाया वसूली कर 15 दिसंबर को अगली सुनवाई तक आख्या पेश करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली बनेगा यूपी का नया IT हब! अब नौकरी के लिए नोएडा-बंगलुरु जाने की नहीं पड़ेगी जरूरत