विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे...’ भाजपा छोड़ सपा नेता की पार्टी में गाना गाते दिखे धर्मेंद्र कश्यप, फोटो वायरल

Published: Fri, 09 Oct 2026 10:44 PM (GMT+05:30)

पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया है और सपा नेता की पार्टी में 'ये दोस्ती हम ...और पढ़ें

सपा नेता की पार्टी में मौजूद पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्‍यप

सपा नेता की पार्टी में मौजूद पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्‍यप

HighLights

  1. पार्टी की नीतियों से आहत होकर धर्मेंद्र कश्यप ने छोटी भाजपा, ऊपर तक दिया इस्तीफा

जागरण संवाददाता, बरेली। समाजवादी पार्टी के नेता की बर्थडे पार्टी में जब माइक हाथ में लेकर पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने गाया, ये दोस्ती हम नहीं छोड़ेंगे, तो वहां उपस्थित कई लोगों को वर्ष 2003 का वह दौर याद आ गया। वह दौर जब बसपा की सरकार अचानक गिर जाने के बाद धर्मेंद्र कश्यप ने भी अन्य विधायकों की तरह समाजवादी पार्टी से हाथ मिला लिया था।

दोस्ती लंबी चली, लेकिन फिर एक ठहराव आया। भाजपा में ज्वाइनिंग हो गई। शुक्रवार को उन्होंने भाजपा से इस्तीफा दे दिया। सियासी खेमों में इस बात की हलचल है कि पुरानी दोस्ती फिर जुड़ने वाली है।

वर्ष 1995 में क्षेत्र पंचायत सदस्य से राजनीतिक पारी शुरू करने वाले धर्मेंद्र कश्यप ने तेजी से सियासी सीढ़ियां चढ़ीं। अपने कद को इतना मजबूत किया कि वर्ष 2022 में पहली बार बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उन्हें सन्हा (बिथरीचैनपुर) से टिकट दिया।

उन्होंने अपने समाज और क्षेत्र में मजबूत पकड़ के जरिए पहली बार में ही विजयी हासिल की। वह दौर बसपा के लिए सही नहीं था। बसपा के कई विधायक पार्टी से टूट गए और साल भर में ही सरकार गिर गई। अन्य विधायकों की तरह धर्मेंद्र कश्यप भी सपा में शामिल हो गए।

समाजवादी पार्टी में भी उन्होंने अपनी जड़ें गहरी कीं। इसी का नतीजा रहा कि वर्ष 2007 में भी समाजवादी पार्टी ने उन्हें टिकट दिया, जिस पर उन्होंने जीत दर्ज कराई। तत्कालीन सरकार में वह राज्य मंत्री भी रहे।

वर्ष 2009 का लोकसभा और फिर 2012 का विधानसभा चुनाव भी लड़ा, लेकिन जीत नहीं पाए। वर्ष 2014 में उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया। भाजपा के टिकट से 2014 और 2019 में जीतकर सांसद बने। 2024 के चुनावों में उन्हें हार मिली।

अपनी हार का जिम्मेदार उन्होंने पार्टी के कुछ लोगों को बताया। इधर, उन्होंने आरोप लगाया कि जिन लोगों ने उन्हें हराया, उन्हें पार्टी अग्रिम पंक्ति में बैठाकर सम्मानित कर रही है। ऐसे आरोप लगाकर उन्होंने भाजपा से टाटा, बाय-बाय कर लिया।

इतना ही नहीं उन्होंने प्रधानमंत्री के साथ वाली डीपी भी हटा दी। काली सदरी पहने नई फोटो लगाई है। गुरुवार रात वह सपा नेता डाॅ. अनीस बेग के जन्मदिन की पार्टी में पहुंचे। उन्होंने पार्टी में ये दोस्ती हम नहीं छोड़ेंगे गाना गाया। पार्टी के नेताओं के साथ फोटो भी खिंचवाएं।

सपा नेताओं के साथ उनके फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसी के चलते उनके द्वारा जल्द सपा का दामन थामने की भी चर्चाएं हैं। हालांकि धर्मेंद्र कश्यप का कहना है कि चूंकि डाॅ. अनीस उनके जन्मदिन पर आए थे, इसलिए वह उनके जन्मदिन की पार्टी में चले गए।

यह भी पढ़ें- राज्यसभा टिकट कटने के बाद धर्मेंद्र कश्यप की पोस्ट- 'टाटा बाय-बाय', क्या पार्टी छोड़ने का बना लिया मन?