विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजली उपभोक्ताओं को लगेगा बड़ा झटका: 2.06 लाख लोगों के ₹5 करोड़ डूबने की तैयारी!

Published: Fri, 27 Mar 2026 05:17 AM (IST)

बरेली में 2.06 लाख बिजली उपभोक्ताओं ने एकमुश्त समाधान योजना के तहत पंजीकरण के बाद भी बकाया जमा नहीं किया ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

जागरण संवाददाता, बरेली। विद्युत विभाग की ओर से बकायेदारों को राहत दिलाने के लिए दिसंबर से लेकर फरवरी तक एकमुश्त समाधान योजना संचालित की थी। योजना के पात्र 3.22 लाख उपभोक्ताओं में से 1.18 लाख लोगों ने पंजीकरण कराकर 145 करोड़ रुपये जमा कराया, लेकिन 2.06 लाख बकायेदारों ने पंजीकरण कराने के बाद भी बकाया जमा नहीं किया है।

अगर वह 31 मार्च तक जमा नहीं करते हैं तो उनकी जमानत राशि पांच करोड़ रुपये जब्त कर ली जाएगी, फिर अभियान चलाकर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। विभाग की ओर से इस योजना में पूर्व के वर्षों में ब्याज पर ही छूट दी जा रही थी, लेकिन इस साल पहली बार ब्याज शत प्रतिशत माफ करने के साथ मूल बकाया में भी छूट दी गई।

जिले के 3.22 लाख उपभोक्ता इस योजना के पात्र थे, जिनमें से 1,18,481 उपभोक्ताओं ने पंजीकरण कराकर 145 करोड़ रुपये जमा कराया। इनमें 1,11,440 उपभोक्ताओं ने एकमुश्त, जबकि 7,041 उपभोक्ताओं ने किस्तों में बकाया जमा किया।

2.06 लाख बकायेदारों ने दो-दो हजार रुपये जमा कर पंजीकरण तो करा लिया, लेकिन अभी तक बकाया बिल जमा नहीं कराया है। अब इनके लिए 31 मार्च तक का अवसर है, इस अवधि में बकाया जमा कर दिया तो जमानत राशि उसमें समायोजित हो जाएगी, अगर जमा नहीं किया तो जमानत राशि जब्त हो जाएगी।

28, 29, 30 को निगेटिव बैलेंस पर कटेंगे कनेक्शन

प्रीपेड स्मार्ट मीटर में उपभोक्ताओं को निगेटिव बैलेंस को पाजिटिव में परिवर्तित करने के लिए समय पर रिचार्ज करने जरूरी है। महीने के अंत में 28, 29, 30 को माइनस बैलेंस होने पर कनेक्शन स्वत: कट जाएगा। हां, रिचार्ज कर बैलेंस पाजिटिव करने पर अपने आप जुड़ भी जाएगा।

बता दें कि शहर में अब तक 1.13 लाख उपभोक्ताओं के प्रीपेड कनेक्शन लग चुके हैं। इनमें पोस्टपेड से प्रीपेड में परिवर्तित हुए कनेक्शन भी शामिल हैं। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि बचे हुए उपभोक्ताओं के यहां भी तीन महीने में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लग जाएंगे।

 

पोस्टपेड से प्रीपेड में परिवर्तित स्मार्ट मीटर में जिन उपभोक्ताओं का पोस्टपेड का बकाया है, उन्हें रिचार्ज करते समय इस बात का ध्यान रखना होगा कि माइनस बैलेंस के लिए रिचार्ज से 10 प्रतिशत पोस्टपेड का बकाया भी कट जा रहा है। इसलिए अधिक रिचार्ज कराएं। यूपीपीसीएल स्मार्ट एप पर सब कुछ साफ दिख रहा है। बैलेंस 30 प्रतिशत तक बचने के बाद बैलेंस शून्य होने तक तीन बार एसएमएस के माध्यम से सचेत भी किया जा रहा है। कनेक्शन आटो मोड में लखनऊ से कट और जुड़ रहे हैं, इसलिए बैलेंस निगेटिव न होने दें।

- ज्ञान प्रकाश, मुख्य अभियंता नगरीय क्षेत्र


यह भी पढ़ें- बरेली के IVRI में बन रहा देश का पहला 'कैनाइन सेंटर', अब कुत्तों की बीमारियों और व्यवहार पर होगा हाईटेक शोध