विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली वासियों की बल्ले-बल्ले: शहर के हर मुख्य रूट पर अब हर 10 मिनट में मिलेगी ई-बस, ऑनलाइन टिकट सुविधा भी जल्द

Published: Wed, 14 Oct 2026 11:30 PM (IST)

बरेली में यात्रियों को जल्द ही प्रमुख रूटों पर हर 10 मिनट में इलेक्ट्रिक बस की सुविधा मिलेगी। शहर में ...और पढ़ें

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. क्यूआर कोड से यात्री बस में ले सकेंगे टिकट, चल रही प्रक्रिया

  2. बस अड्डा निर्माण के लिए सीएंडडीएस को सौंपी गई जिम्मेदारी

जागरण संवाददाता, बरेली। शहर में यात्रियों को इलेक्ट्रिक बसों की बेहतर सुविधा देने के लिए चौबारी पर ई-बस अड्डा बनवाया जा रहा है। बस अड्डा परिसर में पांच चार्जिंग मशीनें लगाने की मंजूरी मिल गई है। निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड (सीएंडडीएस) को सौंपी गई है।

बरेली को शासन से 25 और बसें आवंटित की गई हैं। इन बसों के मिल जाने से सभी प्रमुख रूटों पर हर 10 मिनट में ई-बस की सुविधा मिलने लगेगी। बरेली सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने 18 जनवरी 2022 में शहर में 25 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कराया था।

यात्रियों की संख्या कम होने पर शुरूआत में कुछ बसों का संचालन बरेली से फरीदपुर तक कराया गया, लेकिन शासन से निर्देश आने पर रोक दिया गया। दो साल पहले फिर शहर के अलावा शीशगढ़, शेरगढ़ और मनौना धाम तक इलेक्ट्रिक बसों का संचालन होने लगा था।

मंगर, मुख्यालय के आदेश पर ग्रामीण क्षेत्रों में संचालन बंद करा दिया गया। वर्तमान में तीन रूटों पर बसों का संचालन कराया जा रहा है, जिनमें झुमका तिराहा से सेटेलाइट, मिनी बाइपास से वाया डेलापीर होते हुए जंक्शन और तीसरा रूट मिनी बाइपास से महादेव पुल होते हुए जंक्शन है।

यात्रियों को हर 15 मिनट में ई-बस की सुविधा मिल रही है। शासन से आवंटित 25 और बसें मिलने पर उन्हें राजेंद्र नगर, शील चौराहा, श्यामगंज पुल और करगैना-सुभाषनगर मार्ग पर भी संचालन किया जाएगा।

लोगों को हर 10 मिनट में ई-बस की सुविधा मिलने लगेगी। इधर, ई-बस अड्डा का निर्माण कराने के लिए प्रशासन ने 1.28 हेक्टेयर जमीन उपलब्ध करा दिया है।

वर्तमान में शहर में संचालित की जा रही 25 बसों को ध्यान में रखते हुए डीपीआर तैयार कराई जा रही थी, लेकिन अब इसमें बदलाव कराया जा रहा है। वजह, पिछले सप्ताह शासन ने 25 और इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने की मंजूरी दे दी है।

बस अड्डा का जो नक्शा तैयार किया गया था, उसमें पांच चार्जिंग मशीनों पर बसों की चार्जिंग की व्यवस्था तो की गई थी, लेकिन दूसरी बसों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान नहीं था।

बरेली सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड के प्रबंध निदेशक, परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक मो.अजीम ने पार्किंग स्थल का स्थान बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। परिसर में जलभराव की स्थिति न रहे, इसके लिए जलनिकासी का इंतजाम सुदृढ़ बनाया जाएगा।

एआरएम ई-बस सेवा मनीषा दीक्षित का कहना है कि ई-बसों में क्यूआर कोड से टिकट बनाने की प्रक्रिया चल रही है, शीघ्र ही यात्रियों को यह सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।

यह भी पढ़ें- बरेली: मिलों में पड़ा 1.24 लाख क्विंटल स्टॉक, फिर भी 60 रुपये किलो पहुंची चीनी, खेल जानकर रह जाएंगे हैरान!