बरेली में दिव्यांगों का बड़ा प्रदर्शन: राशन दुकान में 4% आरक्षण और सांसदों-विधायकों से स्कूटी देने की मांग
भारतीय दिव्यांग सेवा समिति ने बरेली में प्रदर्शन कर दिव्यांगजनों के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ, दुकानों में 4% आरक्षण ...और पढ़ें

अपनी विभिन्न मांगों को प्रदर्शन करते दिव्यांगजन
जागरण संवाददाता, बरेली। भारतीय दिव्यांग सेवा समिति ने जिलाधिकारी से दिव्यांगजनों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है। समिति की ओर से बुधवार को सेठ दामोदर स्वरूप पार्क से अपने ईवी से मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट तक पहुंचे। सदस्यों ने दिव्यांग अंत्योदय कार्ड, आयुष्मान कार्ड और आवास योजना का लाभ पात्र दिव्यांगजनों तक पहुंचाने की मांग की।
साथ ही सांसदों और विधायकों से अपनी निधि के माध्यम से दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरित कराने का आग्रह किया गया। समिति ने राजस्थान की तर्ज पर बरेली में भी दिव्यांगजनों को स्कूटी उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
इसके अलावा सब्जी मंडी, फल मंडी और राशन की दुकानों में दिव्यांगजनों के लिए चार प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित कराने की मांग की गई। नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों की दुकानों में भी दिव्यांगजनों को आरक्षण के आधार पर दुकानें आवंटित करने का अनुरोध किया गया।
उपलब्ध कराएं रोजगार के अवसर
राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्मद शकील ने कहा कि दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है। इसके लिए तहसील, ब्लाक, थाना और अस्पताल परिसर में चाय की दुकान लगाने की अनुमति देने की मांग की गई।
जिससे दिव्यांगजन अपनी आजीविका चला सकें। समिति ने शिक्षित दिव्यांगजनों को उनकी योग्यता के अनुसार सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
यह भी पढ़ें- बरेली की ऐतिहासिक रामलीला का ऑक्सफोर्ड तक का सफर: 22 साल के शोध से डॉ. अनिल मिश्रा ने दुनिया में दिलाई पहचान
