बरेली DIO की बहन ने लखनऊ में की खुदकुशी, पति और सास पर गंभीर आरोप, 'मौत से पहले WhatsApp ग्रुप पर भेजा मैसेज...'
बरेली की जिला सूचना अधिकारी नीतू कन्नौजिया की बहन अनीता कन्नौजिया ने लखनऊ में आत्महत्या कर ली। स्वजनों ने पति ...और पढ़ें

अनीता कन्नौजिया की फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली की जिला सूचना अधिकारी नीतू कन्नौजिया की बहन अनीता कन्नौजिया ने लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र के चक मल्हार में आत्महत्या कर ली। स्वजन ने अनीता के पति और सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। स्वजन की मांग पर पैनल से पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
जिला सूचना अधिकारी नीतू कन्नौजिया ने बताया कि वह लखनऊ के आशियाना की रहने वाली हैं। उनकी बहन अनीता की शादी 19 अप्रैल 2014 को टाटा मोटर्स में आडिट इंजीनियर राहुल कन्नौजिया से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें 11 साल का बेटा और चार साल की बेटी है।
नीतू कन्नौजिया का आरोप है कि राहुल उनकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। इसके अलावा वह उनसे अनुचित बातें भी करते थे। अनीता ने कई बार वाटसएप ग्रुप की चैट में अपनी परेशानी साझा की थी।
हालांकि परिवार न टूटे, इस उम्मीद में स्वजन ने पहले कोई शिकायत नहीं की। नीतू के मुताबिक, बुधवार सुबह 9:49 बजे अनीता ने वाट्सएप ग्रुप पर संदेश भेजा था।
इसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराते हुए पति की ओर से अनुचित बातें कहे जाने का जिक्र किया था। इसके बाद अनीता का फोन बंद हो गया।
इस पर उन्होंने पास में रहने वाली एक रिश्तेदार को अनीता के घर भेजा। वहां अनीता का शव जमीन पर पड़ा मिला। ससुराल वालों ने बताया कि अनीता ने आत्महत्या कर ली है।
स्वजन ने मामले में पति और सास पर प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- बरेली जंक्शन पर 28 लावारिस शव बने पहेली, जेब खाली और चेहरे खराब... पहचान में उलझी GRP
