दंपती को प्रेमी जोड़ा समझकर पकड़ा, महिला से दुष्कर्म की कोशिश
नशेड़ी युवकों ने दंपती को प्रेमी जोड़ा समझकर पकड़ लिया। मारपीट कर महिला से दुष्कर्म का प्रयास भी किया गया।
बरेली, जेएनएन। नशेड़ी युवकों ने दंपती को प्रेमी जोड़ा समझकर पकड़ लिया। मारपीट कर महिला से दुष्कर्म का प्रयास भी किया गया। आरोपितों से बचने के लिए दंपती ने अपने मोबाइल में शादी के फोटो भी दिखाए मगर आरोपित हमलावर रहे। शोर करने पर जेवर लूटकर फरार हो गए।
एक गांव में रहने वाले युवक की शादी अप्रैल में हुई थी। रक्षाबंधन पर वह पत्नी को लेकर ससुराल आए थे। शुक्रवार दोपहर करीब बारह बजे वह पत्नी के साथ खेतों की ओर घूमने निकले। ससुराल पक्ष के खेत में लगे धान देखने लगे। कुछ दूरी पर चार युवक शराब पी रहे थे। दंपती ने बताया, चारों को लगा कि वे प्रेमी युगल हैं। आरोपितों ने उन्हें घेर लिया। महिला से अश्लील रकतें करने लगे। विरोध पर बौखलाए आरोपित दुष्कर्म का प्रयास करने लगे। पति ने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की। शोर शराबा होता गया तो आरोपितों ने महिला को धमकी देते हुए जेवर नोचे और फरार हो गए। इसके बाद युवक ने अपने साले को फोन किया, वहां से यूपी 112 को जानकारी दी गई।
दंपती के साथ लूटपाट व अश्लील हरकत करने की घटना सामने आई है। आरोपितों की तलाश की जा रही है। मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। रामानंद राय,सीओ बहेड़ी ।
साले ने दो आरोपित पकड़े पर नकली एमपी की कॉल पर छोड़े
घटना की जानकारी मिलने पर पास में ही मौजूद साले ने बाइक से भाग रहे दो आरोपितों को पकड़ लिया। तभी उसके फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को सांसद बताते हुए कहा कि युवकों से नशे में गलती हो गई है। मैं उन्हें सजा दूंगा। तुम्हारे लूटे गए जेवर भी लौटवा दूंगा। इस पर साले ने दोनों युवकों को जाने दिया, लेकिन काफी देर बाद भी कोई जेवर लौटने नहीं आया तो पुलिस को जानकारी दी।
फोन पर विवाह के फोटो भी दिखाए, मगर एक न सुनी
जिस वक्त शराबी युवकों ने दंपती को पकड़ा था, उस समय वह धान के खेत में बैठकर आपस में बात कर रहे थे। चारों आरोपितों ने पति को पीटना शुरू कर दिया। बोले, लड़की को खेत में लेकर आया है। जिसके बाद पति ने गिड़गिड़ाते हुए कहा कि यह लड़की मेरी पत्नी है। सुबूत के तौर पर उसने मोबाइल में विवाह के फोटो भी आरोपितों को दिखाए मगर उनकी एक न सुनी गई।
कुछ संदिग्ध युवकों को उठाया
मामले में सीओ रामानंद ने तत्परता दिखाई। वह थाना पुलिस से पहले मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए उठाया है। वहीं, सांसद बनकर फोन करने वाले की आइडी निकलवा कर उसके ठिकाने पर पुलिस को भेजा गया है, जिससे आरोपितों को पकड़ा जा सके।