विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली में सनसनी: नकली CID अफसर बनकर युवक का अपहरण, 75 हजार लूटे, 5 लाख की फिरौती मांगी

Published: Fri, 19 Jun 2026 08:45 PM (IST)

बरेली में नकली CID अफसर बनकर दो बदमाशों ने एक युवक का अपहरण किया और उसके खाते से 75 हजार ...और पढ़ें

प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

प्रतीकात्‍मक च‍ित्र

HighLights

  1. अपहरणकर्ताओं ने पीड़ित के दोस्त को भी साथ में उठाया, उसे बीच रास्ते में उतार दिया

जागरण संवाददाता, बरेली। कार सवार दो बदमाशों ने एक युवक और उसके दोस्त का अपहरण कर लिया। दोनों को कई घंटों तक कार में घुमाते रहे कुछ देर बाद उसके दोस्त को बीच रास्ते में उतार कर पीड़ित को बंधक बना लिया। उसके खाते से 75 हजार रुपये निकलवाए और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी। जब अपहरणकर्ताओं को लगा कि रुपये नहीं मिल पाएंगे तो वह पीड़ित को नवाबगंज क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए।

पीड़ित ने डायल 112 को फोन कर पूरी सूचना दी। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी है। तब पूरी कहानी का राजफाश होगा। बहेड़ी के सेमरा गांव निवासी अशफाक कंबाइन मशीन चलाने का काम करते हैं। बताया जा रहा है कि गुरुवार को वह अपने दोस्त जहीर के साथ में अपनी कार से घूमने निकले थे।

लौटते समय नैनीताल लिंक रोड पर उन्हें लखनऊ नंबर की एक कीया कार दिखाई दी। कीया कार सवारों ने अशफाक की कार के आगे अपनी कार लगाकर उन्हें घेर लिया। कार में से उतरे पांच लोगों ने खुद को सीआइडी अफसर बताया और अशफाक और जहीर को अपनी कार में बैठा लिया।

आरोप है कि आरोपितों ने उन्हें मुकदमे में फंसाने की धमकी देना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद आरोपितों ने जहीर को कार से उतार दिया और अशफाक को बंधक बना लिया। उसे कई घंटों तक घुमाया और नवाबगंज की तरफ से किसी जनसेवा केंद्र पर कार रोकी और अशफाक के खाते से आरोपितों ने 75 हजार रुपये निकलवाए।

इसके बाद फिर से कार में बैठाया और फिर से घुमाना शुरू कर दिया। आरोप है कि आरोपितों ने पांच लाख रुपये की मांग की मगर अशफाक ने रुपये की व्यवस्था नहीं होने की बात कही तो आरोपितों ने मारपीट भी की। शाम तक घुमाने पर जब आरोपितों को लगा कि अब उन्हें रुपये नहीं मिलेंगे तो वह अशफाक को नवाबगंज क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गए।

आरोप है कि आरोपितों ने अशफाक का मोबाइल भी छीन लिया था। किसी तरह से उन्होंने किसी राहगीर का फोन लेकर डायल 112 को फोन किया तो मौके पर पुलिस पहुंची। उन्होंने पूरी बात सुनी और घटना बहेड़ी थाना क्षेत्र की होना कहकर बहेड़ी भेज दिया।

उत्तराखंड के हैं आरोपित, गिरफ्तारी को गई टीम

मामले में बहेड़ी थाना प्रभारी दिनेश शर्मा का कहना हैं कि घटना की जानकारी है। अभी तक कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित उत्तराखंड के हैं। पीड़ित के परिचितों ने ही उसकी पुरानी बात बताकर टप्पेबाजी कराई है। आरोपितों की तलाश में टीम लगी है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- बरेली में खौफनाक वारदात: युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या, पहचान मिटाने को पेट्रोल से जलाया शव