Bareilly Crime : छेडछाड के बंधक आरोपित को छुडाया तो ग्रामीणों ने पुलिस को घेरा
थाना सिरौली क्षेत्र के एक गांव में युवती से छेड़छाड़ करने आए दूसरे गांव का एक युवक पहुंचा। जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे बंधक बनाकर पीटा।
बरेली, जेएनएन। थाना सिरौली क्षेत्र के एक गांव में युवती से छेड़छाड़ करने आए दूसरे गांव का एक युवक पहुंचा। जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इसके बाद उसे बंधक बनाकर पीटा। जब आरोपित के परिजन उसे छुडाने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की और उन्हें भी बंधक बना लिया। यह जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपितो को ग्रामीणों से मुक्त कराया।
ग्रामीणोंं ने पुलिस को घेरा
इससे गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस को ही घेर लिया। छेड़छाड़ के आरोपित युवक व उसके परिवार वालों के खिलाफ कार्यवाही न होने तक पुलिस को गांव में ही रोके रखने की बात कही। बाद में काफी संख्या में पुलिस बल वहां पहुंच गया। उन्हें समझाकर पुलिस वापस हो गई।
ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र के एक गांव के युवक से गांव की युवती से संबंध हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि युवक बाइक से दिन में कई बार गांव की गलियों में हॉर्न बजाते हुए चक्कर लगाता है। मंगलवार को भी वह ग्राम में पहुंचा।
गांव के बाहर एक युवती से छेड़छाड़ करने लगा। गांव वालों ने विरोध किया तो वह उन पर ही हमलावर हो गया। उसके बाद गांव वालों ने उसे जमकर पीटा। कमरे में बंद कर दिया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से तहरीर दी गई है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
सिरौली कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि दो ग्रामों के कुछ लोगों के बीच झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। दोनों में समझौते की बात चल रही है।
शोहदों के हौसले बुलंद, पुलिस खामोश
सिरौली क्षेत्र के एक गांव के कुछ दबंग युवकों ने आधा दर्जन ग्रामों के लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। यह दबंग ग्रामों में जाकर युवतियों से छेड़छाड़ करते हैं। राह चलते फब्तियां कसते हैं।
यदि कोई विरोध करता है तो उसे पीटते हैं। ग्रामीण आरोप लगाते हैं कि शिकायत करने के बाद भी पुलिस इन पर कोई कार्यवाही नहीं करती। इसके चलते इनके हौसले बुलंद हैं।