बरेली: न्यायालय लाकअप से फरार हुआ चोर, 3 दिन छिपाते रहे सच; पोल खुली तो 8 पुलिसकर्मी निलंबित
बरेली में न्यायालय लाकअप से चोरी का बंदी सचिन फरार हो गया, जिसकी जानकारी पुलिस ने तीन दिनों तक छिपाए ...और पढ़ें
जागरण संवाददाता, बरेली। जिला कारागार से न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया बंदी सचिन बुधवार को फरार हो गया। पुलिसकर्मी तीन दिनों तक मामले को छुपाए रहे। जब जेल से बांदी के न आने के बारे में पूछा गया तब पता चला।
घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आठ पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मामले में फरार बंदी सचिन समेत आठ पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार, जिला जेल में चोरी में बंद सचिन को 21 अक्टूबर को जिला कारागार से न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था। न्यायालय लाकअप से पेशी के लिए ले जाने के दौरान वह फरार हो गया।
इस मामले में लापरवाही बरतने पर उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह, मुख्य आरक्षी राजेंद्र सिंह, कुलवंत सिंह, सोमदास, सुधीर कुमार, धर्मेंद्र, आरक्षी इंद्रजीत और आदेश को निलंबित कर दिया गया है।
चौकी इंचार्ज जेल ने कोतवाली में बंदी सचिन और सभी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमें गठित की हैं। इनमें सर्विलांस, एसओजी, थाना कोतवाली और थाना सुभाषनगर की टीमें शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, टीमें बंदी की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम ने बताया कि फरार बंदी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं और उसकी तलाश में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
