बरेली कॉलेज में छात्रवृत्ति फार्म जमा करने पर हंगामा, 4 घंटे लाइन में खड़े रहे छात्र; प्रशासन को खोलने पड़े 2 नए काउंटर
बरेली कॉलेज में छात्रवृत्ति फॉर्म जमा करने में विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लंबी ...और पढ़ें

छात्रवृत्ति फॉर्म के लिए लाइन में लगे छात्र-छात्राएं
जागरण संवाददाता, बरेली। बरेली कालेज में छात्रवृत्ति के फार्म जमा करने में विद्यार्थियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को प्राचार्य कार्यालय परिसर में बने दो काउंटर पर सुबह से ही छात्र-छात्राओं की भीड़ जुटने लगी।
वेबसाइट की धीमी गति के कारण फार्म जमा करने की प्रक्रिया प्रभावित हुई, जिससे कतारें लंबी होती गईं। तीन से चार घंटे इंतजार के बाद भी फार्म जमा नहीं होने पर विद्यार्थियों ने हंगामा किया।
इसके बाद शाम को दो अतिरिक्त काउंटर शुरू कराए गए। यहां देर शाम तक फार्म जमा करने का काम चलता रहा। विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें छात्रवृत्ति फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर होने की जानकारी है।
ऐसे में समय से आवेदन प्रक्रिया पूरी करने के लिए वे सुबह से ही कालेज पहुंच रहे हैं। विद्यार्थियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कालेज प्रशासन ने कर्मचारियों की ड्यूटी दो पालियों में निर्धारित की है, ताकि अधिक से अधिक फार्म जमा किए जा सकें।
इसके बावजूद समस्या बनी हुई है। शाम को दो अतिरिक्त काउंटर शुरू होने से प्रक्रिया में तेजी लाने का प्रयास किया गया। कालेज प्रशासन ने वेबसाइट की धीमी गति से आ रही समस्या के संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी को अवगत कराया है।
