बरेली स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप: फर्जी दिव्यांग सर्टिफिकेट रैकेट में CMO ऑफिस का कर्मचारी हिरासत में, डॉक्टर से भी पूछताछ
दिल्ली पुलिस ने बरेली सीएमओ कार्यालय के एक कर्मचारी कुलदीप सक्सेना को फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के आरोप में ...और पढ़ें

सीएमओ कार्यालय
जागरण संवाददाता, बरेली। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को सीएमओ कार्यालय स्थित दिव्यांगजन कार्यालय से कर्मचारी कुलदीप सक्सेना को हिरासत में लिया है। पुलिस को शक है कि कर्मचारी ने फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए हैं, जिसमें जिला अस्पताल के एक वरिष्ठ डाक्टर भी शामिल हैं। इस मामले में पुलिस ने सीएमओ कार्यालय के अधिकारियों और वरिष्ठ डाक्टर से भी दिल्ली पुलिस ने पूछताछ की।
दिल्ली के मोरिस नगर थाना की पुलिस ने शनिवार को कर्मचारी कुलदीप को हिरासत में लिया। पुलिस एक अन्य युवक को भी अपने साथ लाई थी, जिसकी निशानदेही पर उसे हिरासत में लिया गया है।
कर्मचारी को हिरासत में लेने की जानकारी मिलते ही सीएमओ कार्यालय में खलबली मच गई। कर्मचारी कुलदीप सक्सेना की आउटसोर्सिंग के जरिए तैनाती एक स्वास्थ्य केंद्र पर है और वह दिव्यांगजन कार्यालय में अटैच था।
इस मामले में दिल्ली पुलिस ने प्रमाण पत्र बनाने वाले जिला अस्पताल के डाक्टर, दिव्यांग प्रमाणपत्र बनाने वाले नोडल अधिकारी, सीएमओ व अन्य से भी जानकारी जुटाई। अभी तक की जांच में कर्मचारी का पूरा खेल सामने आया है। उसके पिता भी बरेली में तैनात हैं।
उसने किस-किस के फर्जी प्रमाणपत्र बनाए, इसकी दिल्ली पुलिस जांच कर रही है। कर्मचारी को हिरासत में लेने के बाद जिला अस्पताल में दिल्ली पुलिस ने मेडिकल कराया और इसकी कोतवाली में भी सूचना दी है।
इस मामले में सीएमओ डाॅ. विश्राम सिंह का कहना है दिल्ली पुलिस ने दिव्यांगजन प्रमाण पत्र कार्यालय के कर्मचारी को हिरासत में लिया है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- बरेली में जानलेवा मांझे पर बड़ा एक्शन: पुलिस की छापेमारी में 9 गिरफ्तार, कांच और केमिकल का घोल बरामद
