विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चौपुला फ्लाईओवर की ₹1.46 करोड़ से बदलेगी सूरत, जानें कब से शुरू होगा काम और क्या है डायवर्जन प्लान

Published: Sat, 21 Mar 2026 03:53 PM (IST)

बरेली के चौपुला फ्लाईओवर की मरम्मत के लिए 1.46 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हो गया है और कार्यदायी संस्था ...और पढ़ें

पुल पर बने गड्डे

पुल पर बने गड्डे

HighLights

  1. सिटी स्टेशन रोड पर चल रहे निर्माण के चलते दो सप्ताह टाला गया रूट डायवर्जन

  2. एनएचएआइ के अधिकारियों और यातायात पुलिस ने लिया फ्लाइओवर का जायजा

जागरण संवाददाता, बरेली। जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो चुके चौपुला फ्लाइओवर की मरम्मत के लिए 1.46 करोड़ रुपये का बजट मिल चुका है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने कार्यदायी संस्था का भी चयन कर लिया गया है। एनएचएआइ बदायूं की ओर से बरेली पुलिस प्रशासन को रूट डायवर्जन के लिए पत्र भी भेज दिया गया है।शुक्रवार को पुलिस प्रशासन की टीम ने एनएचएआइ के अधिकारियों के साथ जायजा लेगी।

सिटी स्टेशन रोड का चल रहे निर्माण के चलते रूट डायवर्जन पहले से लागू है, इसको देखते हुए चौपुला पुल के रूट डायवर्जन को दो सप्ताह के लिए टाल दिया गया है। एनएचएआइ, बदायूं के परियोजना निदेशक उत्कर्ष शुक्ला ने यातायात पुलिस के साथ शुक्रवार को चौपुला फ्लाइओवर का जायजा लिया।

फ्लाइओवर का निर्माण डेढ़ दशक पहले कराया गया था, पिछली साल इसे नवनिर्मित अटल सेतु से जोड़ दिया गया। पुल पर 30 विस्तार जोड़ (एक्सपेंशन ज्वाइंट) हैं। इनके बीच चार से पांच इंच तक का गैप बढ़ गया है। इसकी वजह से पुल से गुजरने वाले वाहनों को तेज झटका लगता है, जिससे वाहनों के शाकर खराब होने लगे हैं।

क्षतिग्रस्त सड़कों की तरह इस पुल पर भी वाहन चालकों को मुश्किलें झेलनी पड़ रही हैं। मरम्मत के लिए बजट मिल जाने के बाद एनएचएआइ के अधिकारियों ने कार्यदायी संस्था का चयन कर बरेली जिला व पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर सुरक्षा के लिए रूट डायवर्जन कराने का आग्रह किया है।

इसी क्रम में अधिकारियों ने फ्लाओवर का जायजा लिया और डायवर्जन के लिए संभावित रूट देखा। वर्तमान में सिटी स्टेशन रोड पर चल रहे निर्माण कार्यों के चलते भारी वाहनों को रूट डायवर्जन किया गया है। हल्के वाहनों को ही स्टेशन रोड पर डिवाइडर की दूसरी साइड से निकाला जा रहा है। इसको देखते हुए चौपुला पुल की मरम्मत के लिए रूट डायवर्जन दो सप्ताह के लिए टाल दिया गया है।

एसपी यातायात मो.अकमल खां ने बताया कि चौपुला पुल की मरम्मत कराने के लिए एनएचएआइ के परियोजना निदेशक का पत्र प्राप्त हुआ है। सिटी रोड पर चल रहे निर्माण कार्यों के चलते रूट डायवर्जन पहले से लागू है, इसलिए चौपुला फ्लाइओवर की मरम्मत और रूट डायवर्जन को दो सप्ताह के लिए टाल दिया गया है।


यह भी पढ़ें- 30 मार्च से बदल जाएगा बरेली का हवाई सफर, जानें नवी मुंबई और बेंगलुरू फ्लाइट का नया टाइम