मुहर्रम जुलूस में नोट उड़ाने पर बवाल, लाठी-डंडे चले और 20 घायल; पुलिस का बड़ा एक्शन
बिथरी के पदारथपुर गांव में मुहर्रम जुलूस के दौरान रुपये उड़ाने को लेकर एक ही संप्रदाय के दो पक्षों में ...और पढ़ें

बिथरी क्षेत्र के गांव पदारथपुर में विवाद के दौरान भीड़ और भीड़ को खदेड़ती पुलिस
HighLights
दोनों पक्षों ने आपस में किया समझौता, पुलिस ने खुराफातियों को चिह्नित करना किया शुरू
संवाद सहयोगी, बिथरी चैनपुर (बरेली)। मुहर्रम के जुलूस में रुपये उड़ाने को लेकर बिथरी के पदारथपुर गांव में एक ही संप्रदाय के दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई जिसमें करीब 15-20 लोग घायल हो गए। पुलिस को हालात काबू करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
बाद में दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया और पुलिस को कोई शिकायती पत्र नहीं दिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों के लिए लोगों को चिह्नित करना शुरू कर दिया। सभी के विरुद्ध प्राथमिकी लिखी जाएगी।
पदारथपुर गांव में शाम को मुहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था। हजारों की संख्या में भीड़ थी। इसी बीच जुलूस में शामिल लोगों ने रुपये उड़ाना शुरू कर दिया। रूपये लूटने वालों की भीड़ में भगदड़ मच गई। इसी बात पर दो पक्ष आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी।
देखते ही देखते लाठी डंडे चलने लगे। स्थिति यह हो गई मारपीट में करीब 15-20 लोग घायल हो गए। ड्यूटी में तैनात पुलिस ने पहले उन्हें समझाने का प्रयास किया मगर जब हालात बेकाबू होते दिखाई दिए तो पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने लाठियां फटकारी तो भीड़ तितर-बितर हुई।
थाने से और फोर्स मंगवाई गई तो हालात को काबू किया गया। पुलिस ने घायल दोनों पक्षों के लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इसी बीच कार्रवाई के डर से दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया। मगर पुलिस ने इस मामले को सिर्फ दो पक्षों के विवाद तक नहीं रहने दिया।
पुलिस अब उन सभी खुराफातियों को चिह्नित कर रही है। जिन्होंने माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया था। उन सभी के विरुद्ध प्राथमिकी लिखकर सभी की गिरफ्तारी की जाएगी। इसके लिए पुलिस ने सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। माहौल बिगाड़ने वाले और झगड़ा करने वालों की पहचान की जा रही है।
चुनावी रंजिश को लेकर विवाद की चर्चा
गांव में चर्चा है कि यह विवाद केवल चुनावी रंजिश को लेकर हुआ है। जिन लोगों के बीच विवाद हुआ था उनका आपस में चुनाव को लेकर मनमुटाव रहा है। इसी वजह से रुपये उड़ाए गए थे और इसलिए झगड़ा भी हुआ था।
जुलूस में रुपये उड़ाने को लेकर एक ही संप्रदाय के दो पक्षों में विवाद हुआ था। पुलिस ने मामले को शांत करा दिया। खुराफातियों की पहचान कराई जा रही है। सभी के विरुद्ध प्राथमिकी पंजीकृत की जाएगी।
- अनुराग आर्य, एसएसपी।
यह भी पढ़ें- यूपी पुलिस का 'स्मार्ट' जुगाड़! अब लाठियों में भी लगे CCTV कैमरे, मुहर्रम पर बरेली पुलिस का अनोखा प्रयोग
