बरेली: छात्र-छात्रा के प्रेम प्रसंग में खूनी जंग, समझौते के बीच चलीं गोलियां; रास्ते से गुजर रहे बुजुर्ग की मौत
बरेली के आंवला में छात्र-छात्रा के प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में समझौते के दौरान फायरिंग हो गई। इसमें ...और पढ़ें

एआई इमेज
जागरण संवाददाता, बरेली। आंवला कस्बे में छात्र-छात्रा के प्रेम प्रसंग के बीच उनके स्वजन में विवाद हो गया। दोनों पक्ष समझौते के लिए इकट्ठा हुए लेकिन बात बिगड़ने पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग में वहां से गुजर रहे एक बुजुर्ग के पैर में गोली लग गई। उन्हें पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लेकर जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक, दो अलग-अलग जाति के युवक व युवती शाहजहांपुर रोड स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ते हैं। दोनों का प्रेम प्रसंग चल रहा है।
इसकी जानकारी छात्र के स्वजन को चली तो मामले में विवाद हुआ। इस संबंध में दो दिन पूर्व बिथरी चैनपुर थाने में शिकायत भी की गई थी। इसी मामले में आज दोनों पक्ष समझौते के लिए इकट्ठा हुए थे लेकिन बात बिगड़ गई।
इस दौरान किसी ने फायरिंग कर दी, जिससे वहां से गुजर रहे 70 वर्षीय सज्जाद के घुटने के नीचे पैर में गोली लग गई और उनकी मौत हो गई। सूचना पर थाना आंवला पुलिस पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस फायरिंग करने वालों की तलाश में जुट गई है।
