विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बसपा सरकार के पूर्व चेयरमैन की खुली पोल: 54 लाख की रंगदारी-ठगी में मेरठ से पकड़ा गया पन्नालाल कश्यप

Published: Tue, 15 Sep 2026 08:22 PM (IST)

बसपा सरकार में भूमि विकास आयोग के पूर्व चेयरमैन पन्नालाल कश्यप को 54 लाख रुपये की ठगी के आरोप में ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में ठगी का आरोपित पन्नालाल कश्यप

पुलिस की गिरफ्त में ठगी का आरोपित पन्नालाल कश्यप

HighLights

  1. बसपा सरकार में भूमि विकास आयोग का चेयरमैन रह चुका महिपाल गिरोह का सदस्य

जागरण संवाददाता, बरेली। 54 लाख की ठगी में भूमि विकास एवं जल संसाधन आयोग का पूर्व चेयरमैन पन्नालाल कश्यप गिरफ्तार कर लिया गया। क्राइम ब्रांच उसे मेरठ से गिरफ्तार कर मंगलवार को बरेली लाई। वह स्थानीय महिपाल गिरोह में शामिल होकर जमीनों की खरीद-बिक्री के नाम पर ठगी करता था।

उसके विरुद्ध अलग जिलों में कई मुकदमे हुए थे। इनमें भोजीपुरा थाने में दर्ज दो मुकदमों में क्राइम ब्रांच उसकी तलाश कर रही थी। उससे पासपोर्ट, रिवाल्वर और राइफल से संबंधित दो लाइसेंस प्रपत्र और एक राडो की घड़ी बरामद हुई।

भोजीपुरा क्षेत्र में महिपाल गिरोह ने कई जमीनों में फर्जीवाड़ा कर लोगों को ठगा था। आठ अगस्त 2023 को रामपुर के शाहबाद निवासी साईम खा ने भोजीपुरा थाने में 25 लाख रुपये की ठगी का मुकदमा दर्ज कराया था।

उनका आरोप था कि जमीन बिक्री के नाम पर पन्नालाल कश्यप, सतेंद्र यादव उर्फ लालू, महिपाल सिंह यादव, राजवीर सिंह, बहादुर सिंह, अनुभव बेनीवाल, परवेज अली ने रुपये लिए। जमीन नहीं मिलने पर रुपये वापस मांगे तो आरोपितों ने धमकी देकर भगा दिया।

उसी दिन बदायूं के बिनावर निवासी अनिल कुमार ने भी पन्नालाल कश्यप, देव सिंह राना, हितेंद्र राना, महिपाल सिंह यादव, राजवीर सिंह, बहादुर सिंह, अनुभव बेनीवाल, परवेज अली पर 29 लाख की ठगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

दोनों मुकदमों में वांछित पन्नालाल की तलाश में जुटी क्राइम ब्रांच सोमवार को मेरठ में परतापुर मेट्रो स्टेशन के पास पहुंची। वहां बलोनो कार में बैठे पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया।

क्राइम ब्रांच के अनुसार, वह मूलरूप से गाजियाबाद के संजयनगर का रहने वाला है, मगर कुछ समय से नंदग्राम क्षेत्र में रहने लगा। वह बीटेक, एलएलबी की पढ़ाई करने के बाद राजनीति करने लगा।

बसपा शासन में उसे भूमि विकास एवं जल संसाधन आयोग का चेयरमैन बनाया गया था। उसके बाद अन्य दलों के संपर्क में भी रहा। उसने स्वीकारा कि महिपाल यादव कुछ लोगों को जमीन के सौदे में उसके पास लेकर आया था।

महिपाल व उसके लोगों से गाजियाबाद के लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में बैठकें होती थीं। उसी में तय हेाता था कि किस योजना पर आगे बढ़ना है। इस गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही। पन्नालाल के विरुद्ध गाजियाबाद में बिजली चोरी के भी तीन मुकदमे हैं।

यह भी पढ़ें- Swine Flu Alert: 2 दिन की राहत के बाद बरेली में फिर मिले स्वाइन फ्लू के 2 मरीज, कुल आंकड़ा 24