विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Swine Flu Alert: 2 दिन की राहत के बाद बरेली में फिर मिले स्वाइन फ्लू के 2 मरीज, कुल आंकड़ा 24

Published: Tue, 15 Sep 2026 05:32 PM (IST)

बरेली में स्वाइन फ्लू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है, मंगलवार को दो नए मामले सामने आने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक इमेज

प्रतीकात्मक इमेज

जागरण संवाददाता, बरेली। जिले में स्वाइन फ्लू का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को दो और नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ताजा मामलों में शहर के आकाशपुरम निवासी 76 वर्षीय बुजुर्ग और मझगवां के 50 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के तुरंत बाद स्वास्थ्य टीम ने दोनों मरीजों का उपचार शुरू कर दिया है और उनके संपर्क में आए लोगों की निगरानी की जा रही है।

जिले में स्वाइन फ्लू की शुरुआत 29 अगस्त को हुई थी, जब एक साथ पांच मरीज सामने आए थे। इसके एक सप्ताह बाद चार और मामले दर्ज किए गए। हालांकि बीते दो दिनों से राहत थी और कोई नया केस नहीं मिला था, लेकिन मंगलवार को आए दो नए मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता फिर बढ़ा दी है।

सावधानी बरतने की सलाह

स्वास्थ्य अधिकारियों ने स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए आम जनता से पैनिक न होने और सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में संपर्क करें, भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें और हाथों की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।

यह भी पढ़ें- 40 से 60 लीटर दूध देगी यह गाय! बरेली में पैदा हुआ भारत का पहला 'एलीट गिर बछड़ा', ₹1500 करोड़ का बड़ा प्लान