सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, बरेली: यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर गुरुवार शाम बैंक कर्मचारियों ने अ
जागरण संवाददाता, बरेली: यूनाईटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर गुरुवार शाम बैंक कर्मचारियों ने अयूब खां चौराहा पर विरोध प्रदर्शन किया। मोदी सरकार की श्रम विरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके साथ ही मांगे न मानने पर आंदोलन की धमकी दी।
यूनियन बैंक स्टाफ एसोसिएशन के प्रांतीय उप महामंत्री संजीव मेहरोत्रा ने कहा कि, सरकार की नीतियां कर्मचारी विरोधी हैं। केंद्र की मोदी सरकार झूठे वायदे कर बनी है, जो जनता के साथ-साथ कर्मचारियों के साथ भी धोखा कर रही है। अधिकारी संघ के सुभाष गुप्ता ने कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन के लिए तैयार रहने की बात कही। वह बोले, 10 वां वेतन समझौता तुरंत लागू होना चाहिए। इसके साथ ही लंबित मांगे भी अधूरी पड़ी हैं। इससे पहले कर्मचारियों ने काली पट्टी बांध कर काम किया। इस मौके पर अरविंद रस्तोगी, अरूण कुमार, राकेश बाबू खन्ना, एसके सक्सेना, पुष्पेंद्र माहेश्वरी, मुकेश खंडेलवाल, अमित कुमार, पंकज शर्मा समेत तमाम कर्मचारी मौजूद थे।
-रोड हुआ जाम
बरेली: बैंक कर्मियों के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कर्मचारी जुटे थे। इससे अयूब खां-चौकी चौराहा रोड जाम हो गया। रोड जाम होने से राहगीरों को काफी दिक्कत हुई। ट्रैफिक पुलिस ने मुश्किल से कर्मचारी हटाकर जाम खुलवाया।