5-Day Banking की मांग पर अड़े बैंक कर्मचारी, राष्ट्रव्यापी हड़ताल से बैकिंग सेवाएं ठप; ग्राहक परेशान
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर बैंक कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह सहित अपनी लंबित मांगों को ...और पढ़ें

हड़ताल को लेकर निकाले गए जुलूस के दौरान मौजूद बैंक कर्मचारी
जागरण, संवाददाता, बरेली। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने सहित बैंक कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस ने शुक्रवार को एक दिवसीय हड़ताल की है। इस दौरान बैंकों में कर्मचारियों ने कामकाज ठप रखा है, जिसकी वजह से लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ रहा है।
यूनाइटेड फोरम के नेतृत्व में लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर विरोध जताया जा रहा है, लेकिन बात नहीं बन पा रही है। इसकी वजह से फोरम से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी एक दिवसीय देशव्यापी हड़ताल पर हैं। बैंक संगठनों को प्रमुख केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने नैतिक समर्थन दिया है।
बरेली में इंडियन बैंक, सिविल लाइंस शाखा, सर्किट हाउस चौराहा पर कर्मचारी हड़ताल कर विरोध जता रहे हैं। यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियंस, बरेली के नवींद्र कुमार ने बताया कि सभी बैंक के कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल के समर्थन में हैं। अधिकांश बैंक में काम ठप हुआ है।
शाहजहांपुर में पीएलआइ योजना में एकतरफा बदलाव का भी विरोध
शाहजहांपुर। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने और पीएलआइ योजना में एकतरफा बदलाव के विरोध में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के आह्वान पर बैंक कर्मचारी शुक्रवार को राष्ट्रव्यापी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
इस दौरान कई बैंक शाखाओं में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। सुबह बैंक खुलने से करीब 15 मिनट पहले बैंक आफ बड़ौदा की गोविंदगंज शाखा पर विभिन्न बैंक यूनियनों के पदाधिकारी और सदस्य एकत्र हुए। रिमझिम बारिश के बीच कर्मचारियों ने जुलूस निकाला।
जुलूस बड़ौदा यूपी बैंक, एसबीआइ टाउनहाल होते हुए इंडियन बैंक गोविंदगंज पहुंचा। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने खुले हुए बैंकों में भी काम बंद कराया। शाखाओं में काम कर रहे कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ ग्राहकों को भी बाहर निकलने के लिए कहा गया।
हड़ताल में शामिल न होने वाले कर्मचारियों के विरोध में भी नारेबाजी की गई। इससे बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहीं। बैंक बंद होने की जानकारी न होने के कारण बड़ी संख्या में ग्राहक शाखाओं तक पहुंचे। कामकाज न होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा।
कुछ ग्राहकों ने बताया कि बीमार बच्चे के इलाज के लिए रुपये की जरूरत थी, जबकि कुछ लोग बच्चों की फीस जमा करने के लिए नकदी लेने बैंक पहुंचे थे। प्रदर्शन में यूएफबीयू के संयोजक अतुल मेहरोत्रा, विवेक सक्सेना, रोली, आराध्या, स्वाती आदि शामिल रहे।
