Badaun Court News : गजब इधर जज ने सुनाई सजा, उधर पुलिस अभिरक्षा से फरार हुआ मुजरिम
Badaun Court News बरेली मंडल के बदायूं में जज के सजा सुनाने के बाद पुलिस अभिरक्षा से मुजरिम के फरार होने का मामला सामने आया है।काेर्ट ने आरोपिताें को सात-सात साल की सजा सुनाई थी जिसके बाद एक आरोपित पुलिस अभिरक्षा से भाग गया।
बरेली, जेएनएन। Badaun Court News : बरेली मंडल के बदायूं में जज के सजा सुनाने के बाद पुलिस अभिरक्षा से मुजरिम के फरार होने का मामला सामने आया है।काेर्ट ने आरोपिताें को सात-सात साल की सजा सुनाई थी, जिसके बाद एक आरोपित पुलिस अभिरक्षा से भाग गया। हालांकि मामले में पुलिस को अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।
मामला बदायूं जिले का है। यहां के उसहैत थाने के गांव सिदुआ नगला के एक दस साल पुराने मामले में सीजेएम कोर्ट ने सुनवाई की। जिसके बाद जज ने तीनों आरोपितों को सात-सात साल की सजा सुनाई। इसके बाद उन तीनों को पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया।लेकिन इसी बीच उसहैत थाना क्षेत्र के गांव सिदुआ के रहने वाले मुजरिम करन सिंह हेड मुहर्रिर से हाथ छुड़ा कर फरार हो गया।
हेड मुहर्रिर महेंद्र सिंह कुछ समझ पाते उससे पहले वह गुम हो गया।महेंद्र सिंह ने आनन फानन सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद थाना सिविल लाइन, शहर कोतवाली व उसहैत थाने की पुलिस मुजरिम करण सिंह को ढूंढने में लग गई। उसहैत पुलिस मुजरिम के घर भी गई, लेकिन गुरुवार सुबह तक उसका कुछ पता नहीं चल सका। एसपी सिटी प्रवीण सिंह ने बताया कि मुजरिम की तलाश की जा रही है। लापरवाही करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।